April 2, 2026

भारत में Starlink’s Satellite Service ने लॉन्चिंग की तरफ बढ़ाया कदम

भारत में Starlink's Satellite Service...

गुवहाटी, 2 अप्रैल : भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मेघालय सरकार ने बुधवार को स्टारलिंक इंडिया के साथ एक ‘लेटर ऑफ इंटेंट’ (आशय पत्र) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत राज्य के दूरदराज के पहाड़ी क्षेत्रों में सैटेलाइट आधारित इंटरनेट सेवा का एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा।

मेघालय सरकार ने स्टारलिंक इंडिया के साथ मिलाया हाथ

इस पहल का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, आपदा प्रबंधन और आर्थिक विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सैटेलाइट इंटरनेट का उपयोग करना है, जहां खराब कनेक्टिविटी हमेशा से एक बड़ी चुनौती रही है। राज्य सरकार इस समझौते को ‘आकांक्षी जिला कार्यक्रमों’ (Aspirational District Programmes) और सीमा सुरक्षा के लिए संचार के एक संभावित मॉडल के रूप में भी देख रही है, जिससे इन क्षेत्रों में विकास को गति मिल सकेगी।

एलन मस्क ने ट्विट करके दी जानकारी

लोकप्रिय टिप्सटर DogeDesigner ने हाल ही में एक ट्वीट के माध्यम से जानकारी साझा की है कि स्टारलिंक इंडिया का लॉन्च अब निकट भविष्य में होने वाला है। उनके इस ट्वीट को एलन मस्क ने भी रीट्वीट किया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि भारत में स्टारलिंक की सेवाएं जल्द ही उपलब्ध हो सकती हैं। हालांकि, वर्तमान में स्टारलिंक भारत में अपनी सेवाएं शुरू नहीं कर सकता है, क्योंकि कंपनी को आवश्यक सैटेलाइट स्पेक्ट्रम की मंजूरी अभी तक नहीं मिली है।

इसके अलावा, स्टारलिंक को सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यकताओं को पूरा करना होगा, जिसमें जमीनी ढांचे के रूप में अर्थ स्टेशन का निर्माण भी शामिल है। इस प्रकार, जबकि उम्मीदें बढ़ रही हैं, वास्तविक सेवाओं की शुरुआत के लिए अभी कुछ बाधाएं मौजूद हैं।