May 13, 2026

आर्मी पब्लिक स्कूल में छात्र की पिटाई, आंखों की रोशनी जाने का आरोप

आर्मी पब्लिक स्कूल में छात्र की पिटाई,...

लखनऊ, 2 फरवरी : लखनऊ कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा पांच के एक छात्र के साथ उसके ही सहपाठियों द्वारा बेरहमी से मारपीट किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के ग्राउंड में हुई इस पिटाई के कारण बच्चे की एक आंख की रोशनी चली गई। पीड़ित छात्र की मां की शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने सहपाठियों के साथ-साथ स्कूल स्टाफ के खिलाफ भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता की मां ने बताई पूरी घटना

पीड़ित की मां के अनुसार उनका बेटा आर्मी पब्लिक स्कूल नंबर-3 में कक्षा 5(ए) का छात्र है। 21 जनवरी को दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल ग्राउंड में दूसरे सेक्शन के कुछ छात्रों ने उनके बेटे को घेर लिया। आरोप है कि छात्रों ने बच्चे को जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। इतना ही नहीं, उसके चेहरे को जूते की एड़ी से रगड़ा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

इलाज के दौरान आंखों की रोशनी जाने की पुष्टि

मारपीट के बाद बच्चा आंख से ठीक तरह से देख नहीं पा रहा था। परिजन उसे तुरंत कमांड अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी आंखों की रोशनी जाने की पुष्टि की। फिलहाल छात्र का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पीड़ित की मां का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने स्कूल प्रशासन को इसकी जानकारी दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद मजबूरन उन्होंने कैंट थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों में रोष है और स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कैंट थाने की एसओ गुरप्रीत कौर ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले में स्कूल का पक्ष जानने के लिए उप-प्राचार्य साधना से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

यह भी देखें : बलूचिस्तान को लेकर पाकिस्तानी आरोप भारत ने सिरे से खारिज किए