February 4, 2026

सुनेत्रा पवार बन सकती हैं महाराष्ट्र की नई उपमुख्यमंत्री, आज शपथ की संभावना

सुनेत्रा पवार बन सकती हैं महाराष्ट्र की...

मुंबई, 31 जनवरी : महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार शनिवार को राज्य की नई उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकती हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल के अनुसार, शनिवार को होने वाली विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना जाएगा, जिसके बाद शाम को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो सकता है। सुनेत्रा पवार इस पद को संभालने वाली महाराष्ट्र की पहली महिला होंगी।

भाजपा और सरकार का पूरा समर्थन : फड़णवीस

नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि भाजपा और राज्य सरकार NCP के फैसले का पूरा समर्थन करेगी। इससे पहले NCP नेताओं प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल और सुनील तटकरे ने फड़णवीस से करीब एक घंटे तक चर्चा की थी। बुधवार को बारामती में हुए एक विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी। उनके निधन के बाद पार्टी को एकजुट बनाए रखने के लिए कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं की ओर से सुनेत्रा पवार को नेतृत्व सौंपने की मांग तेज हो गई थी।

यदि सुनेत्रा पवार उपमुख्यमंत्री बनती हैं, तो वे अजित पवार के निधन से खाली हुई बारामती विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। वहीं, उनके बड़े बेटे पार्थ पवार को उनकी जगह राज्यसभा भेजे जाने की भी चर्चा है।

NCP के दोनों गुटों के विलय की अटकलें तेज

अजित पवार के निधन के बाद उनकी अगुवाई वाली NCP और शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP (शरदचंद्र पवार) के विलय को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, फरवरी के दूसरे सप्ताह में इस संबंध में बड़ा ऐलान हो सकता है। हालांकि, इसके लिए शरद पवार को महाविकास आघाड़ी छोड़कर सत्तारूढ़ महायुति (NDA) में शामिल होना पड़ सकता है।

बारामती विमान हादसे की CID जांच शुरू

महाराष्ट्र अपराध जांच विभाग (CID) ने बारामती विमान हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुणे ग्रामीण पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच CID को सौंप दी है। इसके साथ ही विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) भी हादसे के कारणों की पड़ताल कर रहा है।

यह भी देखें : आलू के लिए खुल सकता है बड़ा बाजार, किसानों को मिलेगा लाभ