चंडीगढ़, 27 जनवरी : पंजाब प्रदेश में आज 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। राज्यभर में आयोजित जिला स्तरीय समारोहों में विधानसभा स्पीकर, डिप्टी स्पीकर और कैबिनेट मंत्रियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने संगरूर में तथा डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने बरनाला में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और जिला वासियों को संबोधित किया।
कैबिनेट मंत्रियों ने जिलों में की शिरकत
पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्रियों ने विभिन्न जिलों में आयोजित जिला स्तरीय समारोहों में भाग लिया। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बठिंडा, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री अमन अरोड़ा ने पठानकोट, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने फिरोजपुर, स्थानीय निकाय मंत्री संजीव अरोड़ा ने फरीदकोट और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने शहीद भगत सिंह नगर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
अन्य मंत्रियों ने भी किया ध्वजारोहण
आवास निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने अमृतसर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक ने मालेरकोटला, परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने श्री मुक्तसर साहिब, शिक्षा एवं सूचना एवं लोक संपर्क मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने पटियाला तथा लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने लुधियाना में ध्वजारोहण किया।
इसके अतिरिक्त जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने जालंधर, ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने रूपनगर, संसदीय मामले मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने मानसा, कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने तरन तारन और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने एस.ए.एस. नगर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। समारोहों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा लिए गए जनहितैषी फैसलों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद भगत सिंह और संविधान निर्माता बाबा साहिब डॉ. भीमराव अंबेडकर के दिखाए मार्ग पर चलते हुए पंजाब के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है।
स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त सुविधाओं का उल्लेख
अपने संबोधन में मंत्रियों ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने वाला पंजाब देश का पहला राज्य है, जिसके तहत हर नागरिक को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा दिया जा रहा है। इसके साथ ही मुफ्त बिजली, महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा, नशों के खिलाफ युद्ध और गैंगस्टरों पर सख्त कार्रवाई जैसे कदमों को भी रेखांकित किया गया।

More Stories
किरत कोड के नियमों को अंग्रेजी में जारी करने पर भाषा विभाग ने लिया नोटिस
लुधियाना से गुजरात जा रही पंजाब मार्का शराब से भरा ट्रक राजस्थान में जब्त
मुख्यमंत्री मान का डेरा सियासत पर तंज, एक्स पोस्ट से मचा सियासी हलचल