February 4, 2026

दलाई लामा को पहला ग्रैमी अवॉर्ड्, के-पॉप और हॉलीवुड ने रचा इतिहास

दलाई लामा को पहला ग्रैमी अवॉर्ड्...

लॉस एंजेलिस, 2 फरवरी : दुनिया के प्रतिष्ठित 68वें ग्रैमी अवॉर्ड समारोह में तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने ऑडियो बुक, कथा-वाचन और स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग श्रेणी में ग्रैमी अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया। यह दलाई लामा का पहला ग्रैमी अवॉर्ड है। इस श्रेणी में दलाई लामा ने अमेरिका की सुप्रीम कोर्ट जज केतनजी ब्राउन जैक्सन को पीछे छोड़ते हुए यह सम्मान हासिल किया। उनकी जीत को शांति, करुणा और मानव मूल्यों की वैश्विक पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

के-पॉप ने भी रचा इतिहास

के-पॉप डेमन हंटर्स (K-pop Demon Hunters) फिल्म के गीत ‘गोल्डन’ को विजुअल मीडिया के लिए लिखे गए सर्वश्रेष्ठ गीत का ग्रैमी अवॉर्ड मिला। यह पहली बार है जब किसी के-पॉप कलाकार या समूह ने ग्रैमी पुरस्कार जीता है। पुरस्कार स्वीकार करते समय गीतकारों ने अंग्रेज़ी और कोरियाई दोनों भाषाओं में भाषण दिया।

संगीत फिल्म का ग्रैमी अवॉर्ड ‘म्यूज़िक फॉर जॉन विलियम्स’ को मिला। इसके साथ ही मशहूर निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग ने अपना पहला ग्रैमी अवॉर्ड जीता। अब स्पीलबर्ग आधिकारिक रूप से EGOT विजेता बन गए हैं, यानी वे एमी, ग्रैमी, टोनी और ऑस्कर चारों बड़े पुरस्कार जीत चुके हैं।

इमिग्रेशन नीति के खिलाफ कलाकारों की आवाज

मुख्य समारोह से पहले ग्रैमी अवॉर्ड्स का शुरुआती कार्यक्रम लॉस एंजेलिस के पीकॉक थिएटर में आयोजित किया गया। इस साल कुल 86 ग्रैमी अवॉर्ड्स प्रदान किए जाने हैं समारोह के दौरान कई कलाकारों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की इमिग्रेशन नीति के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई। अमेरिकी गायक शाबूजी ने भावुक होते हुए कहा कि “परवासी ही इस देश की असली ताकत हैं।” वहीं, मशहूर गायिका ग्लोरिया एस्टेफन ने भी मौजूदा राजनीतिक हालात पर चिंता जाहिर की।

ट्रेवर नोआ करेंगे मुख्य समारोह की मेज़बानी

मुख्य ग्रैमी समारोह की मेज़बानी प्रसिद्ध कॉमेडियन ट्रेवर नोआ करेंगे। ग्रैमी 2026 की नामांकन सूची में रैपर केंड्रिक लैमर 9 नामांकन के साथ सबसे आगे हैं, जबकि लेडी गागा और जैक एंटोनॉफ जैसे बड़े नाम भी दौड़ में शामिल हैं।

यह भी देखें : बॉर्डर 2 के बाद वरुण धवन ‘भेड़िया 2’ से बॉक्स ऑफिस पर मचाएंगे धमाल