November 28, 2026

इंडिया गठबंधन ने परिसीमन बिल का विरोध किया, खरगे बोले- लोकतंत्र के लिए खतरा

खरगे

चंडीगढ़, 28 नवंबर 2026: संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने दिल्ली में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार के प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक पर कड़ा विरोध जताया।

कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार परिसीमन के जरिए लोकतंत्र को कमजोर कर सत्ता अपने हाथ में केंद्रित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि पहले चुनाव के दौरान 400 पार का नारा दिया गया था। अब सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 पार की तैयारी की जा रही है।

खरगे ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी नेताओं ने मिलकर फैसला किया है कि मोदी सरकार की ओर से लाया जा रहा परिसीमन संविधान संशोधन विधेयक लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। उनके मुताबिक सरकार लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर लंबे समय तक सत्ता अपने हाथ में रखना चाहती है। गठबंधन ने इस विधेयक को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं।

खरगे ने कहा कि प्रस्तावित विधेयक में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों का ध्यान नहीं रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान के प्रावधानों के अनुसार इन वर्गों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या उनकी आबादी के अनुपात में बढ़नी चाहिए। लेकिन नए प्रस्ताव में इसका कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है।

उन्होंने कहा कि 2026 की जनगणना अभी होनी है। लेकिन सरकार ने इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं की है। खरगे के मुताबिक यदि परिसीमन ताजा जनगणना के आधार पर किया जाता है तो एससी-एसटी वर्गों की आबादी में हुई वृद्धि के अनुपात में उन्हें अधिक सीटें मिल सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के प्रस्ताव में इन वर्गों को उनके अधिकारों के अनुरूप प्रतिनिधित्व देने की व्यवस्था नहीं है।

ये भी देखें: टीएमसी के 20 बागी सांसदों को लोकसभा स्पीकर ने जारी किया नोटिस, सात दिनों में मांगा जवाब