March 20, 2026

कंडी क्षेत्र अब पिछड़ा नहीं, ऊंचे इलाकों तक पहुंचा नहरी पानी : बरिंदर गोयल

कंडी क्षेत्र अब पिछड़ा नहीं, ऊंचे इलाकों तक...

चंडीगढ़, 20 मार्च : पंजाब सरकार ने कंडी क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया है। जल संसाधन एवं भूमि संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि भगवंत मान सरकार बिना किसी भेदभाव के अपनी सभी गारंटियां पूरी कर रही है। मंत्री ने 214 करोड़ रुपये की लागत से तैयार काठगढ़ लिफ्ट सिंचाई योजना का उद्घाटन किया। इस योजना के तहत पहली बार नहरी पानी ऊंचे इलाकों तक पहुंचाया गया है, जिससे कंडी क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।

33 गांवों और 11,500 एकड़ भूमि को लाभ

इस परियोजना से 33 गांवों की करीब 11,500 एकड़ भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे खेती की उत्पादकता बढ़ेगी और किसानों की आय में इजाफा होगा। मंत्री ने बताया कि परियोजना को तीन चरणों में पूरा किया जा रहा है, पहला चरण (67 करोड़) फरवरी 2026 में पूरा, 13 गांव कवर, दूसरा चरण (107 करोड़) सितंबर 2026 तक, 14 गांव कवर, तीसरा चरण (40 करोड़) में 6 गांवों को कवर किया जाएगा।

सोलर प्लांट से घटेगा बिजली का बोझ

परियोजना के तहत 650 किलोवाट का सोलर प्लांट भी लगाया गया है, जिससे बिजली की खपत कम होगी और सिस्टम अधिक टिकाऊ बनेगा। सरकार ने अब तक सिंचाई ढांचे को मजबूत करने के लिए 6700 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। नहरी पानी के उपयोग में भी बड़ा इजाफा हुआ है, जो 22% से बढ़कर 78% तक पहुंच गया है। पहले जहां किसान बारिश और ट्यूबवेल पर निर्भर थे, वहीं अब नहरी पानी मिलने से खेती आसान होगी। इससे जमीन की कीमतों और फसल विविधता में भी वृद्धि होगी।

नहर नेटवर्क और पाइपलाइन का विस्तार

सरकार ने 1500 किलोमीटर पुरानी पाइपलाइन बहाल की, 300 किलोमीटर नई पाइपलाइन बिछाई और 120 किलोमीटर नहरों की मरम्मत की। इससे हजारों एकड़ जमीन को फायदा मिला है। मंत्री ने बताया कि सरकार 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज और 600 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी सुविधाएं भी लोगों को दे रही है। इस मौके पर स्थानीय विधायक और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

यह भी देखें : कपूरथला में नया मेडिकल कॉलेज बनेगा, 275 करोड़ की लागत से निर्माण