October 15, 2026

सामाजिक कार्यकर्ता की हत्या बड़ी त्रासदी, जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी- भगवंत सिंह मान

Sarpanchs

चंडीगढ़, 15 अक्टूबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मानसा में सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या की निंदा करते हुए कहा कि इस अपराध के लिए जिम्मेदार प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी को पहले ही 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। बड़ी मुश्किल से कायम की गई पंजाब की शांति और कानून-व्यवस्था की स्थिति से किसी भी कीमत पर समझौता न करने की बात कहते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि हत्या की साजिश में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को कानून के कटघरे में लाया जाएगा।

नशे के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली या ताकतवर क्यों न हो, क्योंकि पंजाब के युवाओं को नशे की लत से बचाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है।

एक बयान में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “मानसा में बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है और इसके लिए जिम्मेदार प्रत्येक व्यक्ति को कानून के कटघरे में लाया जाएगा। पंजाब पुलिस इस मामले की जांच में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी और आरोपियों को मिसाली सजा दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने पुलिस महानिदेशक को गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सच्चाई सामने आ सके और इस अपराध में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की पहचान की जा सके। मुख्य आरोपी को पहले ही 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। यदि जांच के दौरान इस हत्या की साजिश में किसी अन्य व्यक्ति या संगठन की संलिप्तता सामने आती है, तो उसे भी बख्शा नहीं जाएगा।”

पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “परविंदर सिंह झोटा की मृत्यु उनके परिवार और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में मेरी हार्दिक संवेदनाएं परिवार के साथ हैं। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि इस अपराध के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।”

नशे के प्रति राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “हमारी सरकार ने अवैध रूप से बेची जाने वाली नशीली दवाओं तथा ‘चिट्टे’ जैसे पारंपरिक नशीले पदार्थों सहित सभी प्रकार के नशों की बिक्री और आपूर्ति के खिलाफ ठोस अभियान शुरू किया है। मानवता के खिलाफ किए गए इस अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली या ताकतवर क्यों न हो।”

ये भी देखें: सुप्रीम कोर्ट बोला – शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार संवैधानिक है, पुलिस की ज्यादती सही नहीं