October 6, 2025

12वीं के पेपर में पूछा ‘आम आदमी पार्टी की स्थापना कब हुई?’ मचा हंगामा

पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड

चंडीगढ़, 11 मार्च : पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं की बोर्ड परीक्षा के दौरान राजनीति विज्ञान की परीक्षा में आम आदमी पार्टी को लेकर पूछे गए सवाल पर राजनीति गर्मा गई है। भाजपा ने इस कदम की निंदा की है और कहा है कि आम आदमी पार्टी सरकार शिक्षा विभाग का दुरुपयोग कर रही है।

भाजपा ने कहा कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं की सोच को आम आदमी पार्टी के पक्ष में प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा की पंजाब इकाई के मीडिया प्रमुख विनीत जोशी ने कहा कि दिल्ली चुनाव में हार से बौखलाई आप शिक्षा विभाग के जरिए युवा मतदाताओं की सोच को अपने पक्ष में प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।

राजनीति विज्ञान के पेपर में पूछा गया प्रश्न

प्रदेश प्रवक्ता प्रीतपाल बालीवाल व चेतन जोशी के साथ मीडिया से बातचीत करते हुए जोशी ने कहा कि 4 मार्च को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा में राजनीति विज्ञान के पेपर के पहले भाग में एक प्रश्न है कि आम आदमी पार्टी की स्थापना कब हुई? इसी तरह, पेपर के दूसरे भाग में एक प्रश्न पूछा गया है – आम आदमी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों का वर्णन करें?

उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि क्या आम आदमी पार्टी देश की ऐसी विशेष राजनीतिक पार्टी है जिसके सवाल बच्चों को पता होने चाहिए? पंजाब में देश की सबसे पुरानी क्षेत्रीय पार्टी शिरोमणि अकाली दल जैसी ही एक पार्टी है। उल्लेखनीय है कि यह प्रश्न 4 मार्च को आयोजित पंजाब बोर्ड की कक्षा 12वीं की राजनीति विज्ञान की परीक्षा में पूछा गया था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली पार्टी है और भारतीय जनता पार्टी भी देश की सबसे बड़ी पार्टी है जो पिछले 11 वर्षों से केंद्र और सबसे अधिक राज्यों में सरकार चला रही है। किसी अन्य पार्टी के बारे में कोई प्रश्न नहीं पूछा गया। हम पंजाब की शिक्षा प्रणाली में आम आदमी पार्टी के राजनीतिक हस्तक्षेप की निंदा करते हैं।