February 4, 2026

कल पेश होगा केंद्रीय बजट, निवेशकों और उद्योग जगत की टिकी निगाहें

कल पेश होगा केंद्रीय बजट, निवेशकों...

नई दिल्ली, 31 जनवरी : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार, 1 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश करेंगी। बजट से पहले निवेशकों और उद्योग जगत की नजरें वित्त वर्ष 2027 के लिए क्षेत्रीय आवंटन, आयकर नीति, निर्यात प्रतिस्पर्धा और विदेशी व्यापार को बढ़ावा देने वाले कदमों पर टिकी हुई हैं। बजट से पहले रियल एस्टेट, क्रिप्टो करेंसी और इनकम टैक्स समेत कई मोर्चों पर आम लोगों के साथ-साथ उद्योगों ने भी सरकार के सामने अपनी मांगें रखी हैं। टैक्स में राहत और नीतिगत स्पष्टता की अपेक्षा की जा रही है।

आर्थिक सर्वेक्षण ने बनाया बजट का आधार

आर्थिक सर्वेक्षण 2026 ने बजट के लिए आधार तैयार कर दिया है। सर्वेक्षण में अनुमान जताया गया है कि वित्त वर्ष 2027 के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर 6.8 प्रतिशत से 7.2 प्रतिशत के बीच रह सकती है। बजट के दिन शेयर बाजार खुले रहेंगे। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) दोनों ही अपने नियमित समय के अनुसार कारोबार करेंगे।

कैपिटल गेन टैक्स में राहत की उम्मीद

शेयर बाजार के निवेशक मुख्य रूप से कैपिटल गेन टैक्स में राहत की उम्मीद कर रहे हैं। साथ ही सरकार से यह अपील भी की जा रही है कि ट्रांजैक्शन टैक्स में किसी तरह की बढ़ोतरी न की जाए। सिंघानिया एंड कंपनी के मैनेजिंग पार्टनर रोहित जैन के अनुसार, लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन (LTCG) टैक्स को बदलने के लिए सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) लागू किया गया था। यदि LTCG को दोबारा लागू किया जाता है, तो यह एक ही आय पर दोहरे कर जैसा हो जाएगा।

निवेशकों के लिए चुनौती बना STT

विशेषज्ञों का कहना है कि STT मुनाफे की बजाय लेन-देन की कुल कीमत पर लगाया जाता है। यह ऐसा टैक्स है, जिसे घाटे वाले सौदों में भी वापस नहीं लिया जा सकता, जिससे निवेशकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। अब निवेशकों और उद्योग जगत को उम्मीद है कि केंद्रीय बजट में कर ढांचे को सरल बनाया जाएगा और आर्थिक विकास को रफ्तार देने वाले ठोस कदम उठाए जाएंगे।

यह भी देखें : आलू के लिए खुल सकता है बड़ा बाजार, किसानों को मिलेगा लाभ