नई दिल्ली, 4 फरवरी : केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने स्पष्ट किया है कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में किसानों, कृषि और डेयरी क्षेत्र के हितों से कोई समझौता नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इस समझौते से घरेलू किसानों, एमएसएमई, उद्यमियों और कुशल श्रमिकों के लिए बड़े अवसर खुलेंगे और ‘मेक इन इंडिया’ को नई गति मिलेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय उत्पादों पर टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने के ऐलान के बाद पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक संतुलित और लाभकारी व्यापार समझौते पर सहमति बनी है। इसमें कृषि और डेयरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों के हितों की पूरी सुरक्षा की गई है।
जल्द जारी होगा साझा बयान
गोयल ने बताया कि दोनों देश जल्द ही एक संयुक्त बयान जारी करेंगे, जिसमें समझौते के सभी प्रमुख बिंदुओं का खुलासा किया जाएगा। उद्योग जगत और निर्यातक इस घोषणा का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह समझौता कपड़ा, प्लास्टिक, होम डेकोर, चमड़ा और जूते, रत्न-आभूषण, जैविक रसायन, रबर उत्पाद, मशीनरी और विमानन जैसे श्रम-प्रधान क्षेत्रों के लिए बड़े अवसर खोलेगा। अमेरिकी बाजार में इन उत्पादों पर आयात शुल्क 50 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत होने से निर्यात को खासा प्रोत्साहन मिलेगा।
तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था को मिलेगा सहारा
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत एक तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है, जहां आईसीटी उत्पादों, डेटा सेंटर उपकरणों, उच्च गुणवत्ता वाली तकनीक और कच्चे माल की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यह व्यापार समझौता भारत के विकास को और गति देगा।
शाह और सीतारामन का समर्थन
उन्होंने बिना विस्तृत जानकारी दिए कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अंतिम चरण में है और जल्द ही दोनों देशों की ओर से आधिकारिक घोषणा की जाएगी। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस समझौते को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। वहीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने भारतीय वस्तुओं पर अमेरिकी टैरिफ में कटौती का स्वागत किया है।
यह भी देखें : औजला और वड़िंग समेत आठ सांसद लोकसभा से निलंबित

More Stories
ऑनलाइन गेम खेलने से रोके जाने पर तीन नाबालिग बहनों ने की आत्महत्या
भारत रूसी तेल की खरीद घटाएगा, आवश्यक आपूर्ति ही होगी आयात: सूत्र
औजला और वड़िंग समेत आठ सांसद लोकसभा से निलंबित