मेरठ, 23 मार्च: मेरठ में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के व्यस्त इलाकों में लोग बिना किसी डर के एक ही बाइक पर 5-5 सवार होकर सड़कों पर दौड़ते नजर आए। न तो पुलिस का खौफ दिखा और न ही अपनी जान की परवाह।
ईद के मौके पर भी नहीं सुधरे हालात
ईद के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात होने के बावजूद नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। खासकर बेगमपुल जैसे व्यस्त चौराहे पर बाइक सवार बिना हेलमेट और ओवरलोडिंग के साथ गुजरते देखे गए। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी इन नियम तोड़ने वालों को रोकने के बजाय मूकदर्शक बने रहे। इस लापरवाही ने ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिम्मेदारी तय होगी: एसपी ट्रैफिक
एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा ने कहा कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश पहले से ही दिए गए थे।उन्होंने बताया कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय वहां किसकी ड्यूटी थी, इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर वाले बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ भी अभियान चलाया।
एसपी ट्रैफिक के अनुसार, पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले साइलेंसर पर सख्ती जारी रहेगी और यह अभियान रोजाना चलाया जाएगा। इस तरह की लापरवाही न सिर्फ ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है, बल्कि गंभीर सड़क हादसों को भी न्योता देती है। प्रशासन के लिए यह चुनौती बनता जा रहा है कि ऐसे मामलों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

More Stories
भारत के लिए राहत: दो LPG टैंकर होरमूज़ से गुजर रहे, गैस की कमी नहीं होगी
गैस सिलेंडर में कटौती की अफवाह पर सरकार का साफ बयान
ईरान युद्ध पर ब्रेक: ट्रंप का ऐलान, 5 दिनों तक नहीं होगा पावर प्लांट पर हमला