February 14, 2026

ट्रंप के बयान से बाजार में दबाव, सोना-चांदी के दामों में बड़ी गिरावट

ट्रंप के बयान से बाजार में दबाव...

नई दिल्ली, 22 जनवरी : आज सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान का असर बाजार पर साफ दिखाई दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ (EU) पर 10 फीसदी नया टैरिफ नहीं लगाया जाएगा। इस घोषणा के बाद सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने और चांदी की मांग में कमी आई, जिससे कीमतें नीचे फिसल गईं।

एमसीएक्स पर सोने में 3,000 रुपये से ज्यादा की गिरावट

एमसीएक्स पर 5 फरवरी डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,52,862 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। आज यह 1,51,557 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में सोने ने 1,49,400 रुपये का निचला स्तर और 1,53,784 रुपये का ऊपरी स्तर छुआ। सुबह 10 बजे सोना 3,278 रुपये की गिरावट के साथ 1,49,584 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा।

चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट

चांदी की कीमतों में भी कमजोरी देखने को मिली। एमसीएक्स पर 5 मार्च डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 3,18,492 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी और आज 3,19,843 रुपये पर खुली। शुरुआती कारोबार में चांदी 3,05,753 रुपये के लो और 3,25,602 रुपये के हाई स्तर तक पहुंची। सुबह 10.11 बजे चांदी 6,959 रुपये की गिरावट के साथ 3,11,533 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी।

क्यों गिरी सोने-चांदी की कीमतें

हफ्ते की शुरुआत में सोने की कीमतें ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गई थीं, लेकिन मुनाफावसूली के चलते अब दबाव देखने को मिला है। राष्ट्रपति ट्रंप के बयान के बाद यह साफ हो गया कि यूरोप पर प्रस्तावित टैरिफ फिलहाल लागू नहीं होंगे। ये टैरिफ ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका और यूरोप के बीच चल रहे विवाद के चलते लगाए जाने थे। अमेरिका और यूरोप के बीच ग्रीनलैंड को लेकर तनाव कम होने की खबर से निवेशकों का जोखिम भाव सुधरा है। इसके चलते सुरक्षित निवेश विकल्प माने जाने वाले सोने और चांदी की मांग में थोड़ी कमी आई, जिसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा।

आगे क्या रहेगा रुझान

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय संकेतों, डॉलर की चाल और वैश्विक राजनीतिक घटनाक्रमों पर सोने-चांदी की कीमतों की दिशा निर्भर करेगी। फिलहाल निवेशक सतर्क रुख अपनाए हुए हैं।

यह भी देखें : सोशल मीडिया से वजन घटाने के नुस्खे ने ले ली जान