जीरकपुर, 26 जनवरी : रविवार शाम करीब छह बजे बलटाणा फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर पतंग लूट रहे दो नाबालिग बच्चों की पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा हरमिलाप नगर कॉलोनी के नजदीक रेलवे ट्रैक पर हुआ। मृतकों की पहचान 14 वर्षीय शिवम और 10 वर्षीय आरुष कुमार के रूप में हुई है। दोनों हरमिलाप नगर इलाके के रहने वाले थे। रविवार शाम वे पतंग लूटते हुए रेलवे ट्रैक के बेहद करीब पहुंच गए। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही पैसेंजर ट्रेन का उन्हें अंदाजा नहीं हो पाया और वे उसकी चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
आरुष कुमार चौथी कक्षा का छात्र था, जबकि शिवम छठी कक्षा में पढ़ता था। शिवम के पिता पेशे से ड्राइवर हैं, वहीं आरुष के पिता एक कोठी में केयरटेकर के रूप में काम करते हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हरमिलाप नगर और आसपास के क्षेत्रों में रेलवे ट्रैक के दोनों ओर खुला इलाका है। ट्रैक के पास न तो कोई ऊंची दीवार है और न ही पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था। इसी कारण बच्चे अक्सर पतंग लूटने के लिए रेलवे ट्रैक तक पहुंच जाते हैं।
पहले भी जताई जा चुकी है चिंता, अब भी इंतजार में लोग
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस स्थान पर हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है, लेकिन अब तक प्रशासन या रेलवे विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए तुरंत सुरक्षा उपाय किए जाएं।

More Stories
केजरीवाल की कठपुतली बनके काम कर रहे हैं भगवंत मान : अश्वनी शर्मा
डेरा ब्यास प्रमुख पर टिप्पणी छोड़ें, राज्य संभालें CM मान: प्रताप बाजवा
फतेहगढ़ साहिब से बड़ी राजनीतिक नियुक्ति, अकाली दल ने कसी कमर