नई दिल्ली, 25 फरवरी: Indian Railways 1 मार्च से यूटीएस (Unreserved Ticketing System) ऐप को बंद करने की तैयारी कर रहा है। फिलहाल इस ऐप का इस्तेमाल अनारक्षित (बिना रिजर्वेशन) टिकट बुकिंग, प्लेटफॉर्म पास और सीजन टिकट के लिए किया जाता है।
अब इसकी जगह रेलवे का नया सुपर ऐप ‘RailOne’ लेगा, जिसके जरिए सभी प्रकार की टिकटों की बुकिंग की जा सकेगी। यूटीएस ऐप बंद होने के बाद यात्री अनारक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म पास और सीजन टिकट की बुकिंग नहीं कर पाएंगे। ऐसे में रेलवे ने यात्रियों को ‘RailOne’ ऐप का उपयोग करने की सलाह दी है।
पहले ही लॉन्च हो चुका है नया ऐप
रेलवे ने ‘RailOne’ ऐप को पहले ही लॉन्च कर दिया है। इसे एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में पेश किया गया है, जहां एक ही इंटरफेस पर कई सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसका उद्देश्य देशभर के लाखों यात्रियों के लिए यात्रा को आसान बनाना है।
अच्छी बात यह है कि इस ऐप के लिए नया अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं होगी। यात्री अपने मौजूदा यूटीएस और IRCTC लॉगिन से ही साइन-इन कर सकते हैं।
एंड्रॉयड और iOS दोनों पर उपलब्ध
‘RailOne’ ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर मुफ्त डाउनलोड के लिए उपलब्ध है। यह ऐप खासतौर पर उन यात्रियों के लिए फायदेमंद होगा जो कभी-कभार ट्रेन से सफर करते हैं। साथ ही, रोजाना बिना रिजर्वेशन टिकट बुक करने वाले यात्रियों को भी नए प्लेटफॉर्म का आसान और बेहतर इंटरफेस लाभ पहुंचाएगा।
कैशलेस यात्रा को बढ़ावा देने और यात्रियों को नए प्लेटफॉर्म से जोड़ने के लिए रेलवे ‘RailOne’ ऐप के जरिए बुक की गई अनारक्षित टिकटों पर डिजिटल भुगतान करने पर 3% की छूट दे रहा है। यह ऑफर 14 जनवरी से 14 जुलाई तक सीमित अवधि के लिए मान्य है और केवल ‘RailOne’ के जरिए सीधे बुक किए गए टिकटों पर लागू होगा।
यात्री UPI, डेबिट/क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और अन्य डिजिटल वॉलेट के माध्यम से भुगतान कर इस छूट का लाभ उठा सकते हैं।

More Stories
यूपी में H1N1 और सीजनल फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, डिप्टी सीएम ने दीं हिदायतें
मणिपुर में विधायक सपाम रंजन सिंह के घर पर बम धमाका, बाल-बाल बचा परिवार
जनता दर्शन में बोले सीएम योगी – भू-माफिया पर कसेंगे नकेल, 200 लोगों की समस्याएं सुनीं