नई दिल्ली, 28 मार्च: ईरान युद्ध के मुद्दे पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। इस बातचीत में एलन मस्क के शामिल होने के दावों को विदेश मंत्रालय ने गलत बताया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह बातचीत केवल मोदी और ट्रंप के बीच ही हुई थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हमने यह खबर देखी है। 24 मार्च को टेलीफोन पर हुई बातचीत केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई थी। जैसा कि पहले बताया गया था, इस बातचीत के जरिए पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।” उन्होंने आगे कहा कि इस बातचीत ने पश्चिम एशिया में हालात पर चर्चा का अवसर प्रदान किया।
मस्क के शामिल होने का किया गया था दावा
इससे पहले दावा किया गया था कि मोदी और ट्रंप की इस फोन बातचीत में एलन मस्क भी शामिल थे। दो अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी सामने आई थी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं था कि मस्क क्यों जुड़े थे और उन्होंने कुछ कहा भी था या नहीं।
पिछले साल डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क के बीच मतभेद हो गए थे, जब मस्क ने सरकार से अलग होने का फैसला लिया। उन्हें सरकारी कर्मचारियों की संख्या कम करने का काम सौंपा गया था।
पीएम मोदी ने ‘X’ पर दी जानकारी
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कूटनीतिक बातचीत की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होरमुज़ को “खुला, सुरक्षित और सुलभ” बनाए रखना जरूरी है। प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में तनाव कम करने और शांति बनाए रखने के भारत के रुख को भी दोहराया।

More Stories
ऑपरेशन सिंदूर में एस-400 ने 314 किमी दूर पाकिस्तानी विमान को मार गिराया था, रक्षा मंत्रालय के रिपोर्ट में खुलासा
आगरा में राजनाथ सिंह बोले- समाज को बंटने नहीं देंगे, जाति-धर्म के नाम पर भड़काने वालों से बचें
सत्य निकेतन हादसे में दो आरोपियों को 12 दिन की न्यायिक हिरासत