April 13, 2026

जेल से बाहर आने के बाद रामपाल ने पहला संदेश क्या दिया

जेल से बाहर आने के बाद रामपाल ने...

हिसार, 13 अप्रैल : हिसार स्थित सेंट्रल जेल-2 से करीब साढ़े 11 साल बाद रिहा हुए रामपाल ने जेल से बाहर आने के बाद अपना पहला वीडियो संदेश जारी किया है। करीब 8 मिनट के इस वीडियो में उन्होंने अपने जेल के अनुभव और आश्रमों से जुड़े घटनाक्रम का जिक्र किया। वीडियो संदेश में रामपाल ने साल 2006 के रोहतक के करौंथा आश्रम और साल 2014 में बरवाला स्थित सतलोक आश्रम की घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्हें आश्रमों से हटाया गया और उजाड़ दिया गया था।

एक आश्रम से 14 आश्रम तक का सफर

रामपाल ने बताया कि 2014 में उनके पास सिर्फ एक आश्रम था, लेकिन अब उनकी संख्या बढ़कर 14 हो गई है। उन्होंने कहा कि उस समय वे केवल एक चादर में आश्रम से बाहर निकले थे, लेकिन आज कई स्थानों पर आश्रम स्थापित हो चुके हैं। अपने अनुयायियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “सच्चाई परेशान हो सकती है, लेकिन हार नहीं सकती।” उन्होंने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि भक्ति का मार्ग कठिन होता है और संघर्ष के बाद ही सफलता मिलती है।

संघर्ष और जेल का जिक्र

रामपाल ने बताया कि 2014 की घटनाओं के दौरान करीब 900 अनुयायियों को जेल भेजा गया था। उन्होंने कहा कि जब वे पहली बार जेल गए, तभी उन्होंने तय कर लिया था कि वे जेल के अंदर से ही अपना संघर्ष जारी रखेंगे। रिहाई के बाद उनके अनुयायियों द्वारा इंटरनेट मीडिया पर कई वीडियो साझा किए जा रहे हैं, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

यह भी देखें : पंजाब सरकार ने राजस्थान के बाद अब जम्मू कश्मीर से 973 करोड़ बकाया मांगा