March 23, 2026

मवेशी का दूध निकालते समय महिला की हार्ट अटैक से अचानक मौत

मवेशी का दूध निकालते समय महिला...

बागपत, 23 मार्च : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां मवेशी का दूध निकालते समय एक महिला की अचानक मौत हो गई। डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर हार्ट अटैक को मौत का कारण बताया है। अग्रवाल मंडी टटीरी के पट्टी देशवाल निवासी फिरोज खान के अनुसार, उनके चचेरे भाई हैदर अली रेलवे सुरक्षा बल में कांस्टेबल के पद पर पश्चिम बंगाल में तैनात हैं। उनकी 60 वर्षीय मां संजीदा परिवार के साथ कस्बे में ही रहती थीं।

सोमवार सुबह संजीदा पास के वाड़े में भैंस का दूध निकालने गई थीं। करीब आधे घंटे बाद जब वह वापस नहीं लौटीं, तो उनकी बेटी अफसाना उन्हें देखने पहुंची। वहां संजीदा भैंस के पास बेहोशी की हालत में मिलीं।

अस्पताल ले जाते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

परिवार के लोग तुरंत उन्हें स्थानीय सर्वोदय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। बाद में जिला अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। परिजनों के अनुसार, संजीदा को पहले कभी दिल से जुड़ी कोई बीमारी नहीं थी। उनकी मौत पूरी तरह से अचानक हुई, जिससे परिवार गहरे सदमे में है।

पति की भी हार्ट अटैक से हो चुकी है मौत

बताया गया कि संजीदा के पति इकबाल की भी साल 2019 में हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई थी। इस तरह एक ही परिवार में दो सदस्यों की अचानक मौत ने इलाके में चिंता बढ़ा दी है। संजीदा स्थानीय नगर पंचायत की वार्ड-3 के सभासद यूनुस की चाची थीं। उनके परिवार में एक बेटा और तीन बेटियां हैं। इस घटना के बाद घर में मातम का माहौल है और आसपास के लोग सांत्वना देने के लिए पहुंच रहे हैं।