March 31, 2026

युवक ने पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या के बाद की आत्महत्या

युवक ने पत्नी और दो मासूम बच्चों की...

मुजफ्फरनगर, 31 मार्च : सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सर्वट इलाके में एक सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों को जहर देकर मारने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह खौफनाक वारदात मंगलवार तड़के हुई। घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों ने काफी देर तक घर का दरवाजा बंद देखा। शक होने पर वे छत के रास्ते घर के अंदर पहुंचे, जहां चारों के शव पड़े हुए थे। यह दृश्य देखकर इलाके में हड़कंप मच गया।

घर के अंदर कमरे में 32 वर्षीय इरशाद का शव छत के पंखे से लटका मिला। वहीं पास में उसकी पत्नी नौरोन, दो साल के बेटे आहिल और एक महीने की मासूम बच्ची अक्षरा के शव पड़े थे।

1700 रुपये के विवाद ने ली चार जिंदगियां

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा और थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस घटना की जड़ महज 1700 रुपये का विवाद था। इरशाद, जो पेंट का काम करता था, ने अपनी बहन को ईद की मिठाई के लिए 1700 रुपये दिए थे। इसी बात को लेकर उसकी पत्नी नाराज थी और सोमवार रात दोनों के बीच जोरदार झगड़ा हुआ।

यह भी देखें : बोर्ड परीक्षाओं की पेपर शीट पर विद्यार्थियों ने लिखी दी पास करने की अपील!