March 17, 2026

पंजाब के 26 IAS और 7 IPS अधिकारी चुनाव ड्यूटी पर तैनात

पंजाब के 26 IAS और 7 IPS अधिकारी...

चंडीगढ़, 17 मार्च : पश्चिम बंगाल, केरल, असम, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र पंजाब के 26 वरिष्ठ IAS और 7 IPS अधिकारियों को जनरल और सुरक्षा पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। इन अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया पूरी होने और 4 मई को नतीजों के ऐलान तक संबंधित राज्यों में तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।

चुनाव प्रक्रिया की करेंगे निगरानी

चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार ये अधिकारी नामांकन से लेकर चुनाव प्रचार, मतदान और मतगणना तक पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। उन्हें संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में जिला डिप्टी कमिश्नरों और रिटर्निंग अधिकारियों के साथ मिलकर काम करना होगा। पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए अन्य राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों को पर्यवेक्षक बनाना एक पुरानी परंपरा है।

महिला अधिकारियों को भी अहम जिम्मेदारी

इस ड्यूटी में छह महिला अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अपneet रियात और दीप्ति उप्पल को केरल में तैनात किया गया है, सीनू दुग्गल और सोनाली गिरी को पश्चिम बंगाल में, अलका मीणा (IPS) को असम में जिम्मेदारी दी गई है

पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा तैनाती

सबसे अधिक अधिकारियों को पश्चिम बंगाल में तैनात किया गया है। यहां अमित ढाका, अरविंद कुमार एमके, हरप्रीत सिंह सूदन, अजीत बालाजी जोशी, कुलवंत सिंह, परमिंदरपाल सिंह, रामवीर, शौकत अहमद पैरे, सैयद सेहरीश असगर और वरुण रूजम जैसे अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे। तमिलनाडु में पंजाब के छह IAS अधिकारियों घनश्याम थोरी, गुरिंदरपाल सिंह सहोता, परमवीर सिंह, राजीव प्रसार, संदीप कुमार और उमा शंकर गुप्ता को नियुक्त किया गया है।

वहीं IPS अधिकारी कौस्तुभ शर्मा को भी वहां तैनात किया गया है। चुनाव आयोग ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पूरी सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी देखें : हरियाणा राज्यसभा चुनाव: कड़ी टक्कर में बीजेपी और कांग्रेस को एक-एक सीट