February 5, 2026

7 दिनों में गन प्वाइंट पर 4 बड़ी वारदातें, 2 में FIR तक दर्ज नहीं

7 दिनों में गन प्वाइंट पर 4 बड़ी...

जालंधर, 10 दिसम्बर : शहर में पिछले सात दिनों के भीतर गन प्वाइंट पर हुई चार बड़ी वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि इनमें से दो मामलों में अभी तक FIR भी दर्ज नहीं हो सकी है, जबकि किसी भी केस में पुलिस के हाथ कोई पक्का सुराग नहीं लगा है। लगातार बढ़ती लूट की घटनाओं से शहरवासी दहशत में हैं।

फोकल प्वाइंट में चाय की दुकान पर महिला से लूट, FIR तक दर्ज नहीं

गदईपुर निवासी माला देवी के साथ गन प्वाइंट पर लूट की घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक FIR दर्ज नहीं हुई। माला देवी के अनुसार दो युवक बाइक पर आए पहले चाय मांगी, फिर उनमें से एक ने पिस्तौल निकालकर सोने की बालियां, नकदी और मोबाइल छीन लिया। पीड़िता का आरोप है कि वह कई बार थाने गई पर पुलिस हर बार उसे टाल देती है।

ट्रांसपोर्ट नगर में पुलिस की वर्दी पहनकर लूट, आरोपी फरार

ट्रांसपोर्ट नगर में ओम प्रकाश नामक व्यक्ति को नकली पुलिसकर्मियों ने गन प्वाइंट पर रोककर लूट लिया। इस मामले में भी न FIR दर्ज हुई है और न ही आरोपी पुलिस की पकड़ में आए हैं।

अमन नगर में बच्चों से मोबाइल लूट

अमन नगर में मोबाइल गेम खेल रहे बच्चों से कुछ युवकों ने गन प्वाइंट पर मोबाइल फोन छीन लिए। पुलिस को न तो CCTV फुटेज मिली, न ही आरोपियों का कोई पता चल पाया।

जालंधर में अपराध बढ़ा, 1 साल में 130 से अधिक लूट-झपट की घटनाएँ

पिछले एक वर्ष में शहर में 130 से ज्यादा लूट और झपटमारी की घटनाएँ दर्ज की गईं। इनमें 80 से अधिक मामलों में पिस्तौल का इस्तेमाल हुआ जो बताता है कि शहर में अवैध हथियार आसानी से उपलब्ध हैं। पुलिस ने एक साल में 80+ हथियार तस्कर गिरफ्तार किए, 100 से अधिक अवैध हथियार बरामद किए। इसके बावजूद शहर में अपराध बढ़ते ही जा रहे हैं।

हथियार तस्करों का खुलासा

गिरफ्तार हथियार तस्करों ने पुलिस को बताया कि वे खासतौर पर बदमाशों, नशा तस्करों और लुटेरों के लिए ही पिस्तौल लाते थे। जिन 20 लोगों को हथियार खरीदने के आरोप में पकड़ा गया, वे ज्यादातर लूट, धमकी और नशे की तस्करी में लिप्त पाए गए।

यह भी देखें : ज़िला परिषद चुनावों से पहले पटियाला के SSP वरुण शर्मा छुट्टी पर