February 23, 2026

पंजाब जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव: वोट शेयर के आंकड़े जारी

पंजाब जिला परिषद और पंचायत समिति...

चंडीगढ़, 6 जनवरी : राज्य चुनाव आयोग ने पंजाब में संपन्न जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के नतीजों के बाद वोट शेयर से जुड़े विस्तृत आंकड़े जारी कर दिए हैं। इन आंकड़ों के अनुसार जिला परिषद चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) सबसे आगे रही है। जारी आंकड़ों के मुताबिक जिला परिषद चुनावों में आम आदमी पार्टी को 38.16 प्रतिशत वोट मिले।

कांग्रेस को 27.14 प्रतिशत और शिरोमणि अकाली दल को 22.52 प्रतिशत वोट हासिल हुए। चुनाव आयोग के अनुसार कुल 58.09 लाख वैध वोट डाले गए, जिनमें से ‘आप’ को 22.17 लाख और कांग्रेस को 15.77 लाख वोट प्राप्त हुए।

भाजपा, बसपा और निर्दलीयों का प्रदर्शन

जिला परिषद चुनावों में भाजपा को 6.39 प्रतिशत, बसपा को 1.46 प्रतिशत वोट मिले। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवारों को 3.68 प्रतिशत वोट मिले और 0.62 प्रतिशत मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। हालांकि सत्ताधारी पार्टी ‘आप’ को 38.16 प्रतिशत वोट मिले, लेकिन सभी विपक्षी दलों को मिलाकर 61.19 प्रतिशत वोट पड़े।

अकाली दल-भाजपा का संयुक्त वोट शेयर कांग्रेस से अधिक

यदि शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के वोट प्रतिशत को जोड़ा जाए तो यह 28.91 प्रतिशत बनता है, जो कांग्रेस के वोट शेयर से मामूली ज्यादा है। पंचायत समिति चुनावों में कुल 2835 हलके थे, जिनमें 56.63 लाख वैध वोट डाले गए। इनमें से आम आदमी पार्टी को 21.33 लाख और कांग्रेस को 15.71 लाख वोट मिले। वोट शेयर की बात करें तो ‘आप’ को 37.66 प्रतिशत, कांग्रेस को 27.74 प्रतिशत, शिरोमणि अकाली दल को 20.33 प्रतिशत, भाजपा को 6.41 प्रतिशत और बसपा को 1.32 प्रतिशत वोट मिले।

सीपीआई को 0.017 प्रतिशत और नोटा को 0.52 प्रतिशत वोट पड़े। पंचायत समिति चुनावों में सत्ताधारी पार्टी ‘आप’ को 37.66 प्रतिशत वोट शेयर मिला, जबकि सभी विपक्षी दलों को मिलाकर 61.76 प्रतिशत वोट शेयर हासिल हुआ।

चार लाख से ज्यादा वोट रद्द

पंचायत समिति चुनावों में आम आदमी पार्टी ने 1529 जोनों में जीत दर्ज की, कांग्रेस ने 611 और शिरोमणि अकाली दल ने 449 जोनों पर कब्जा जमाया।
वहीं जिला परिषद चुनावों में ‘आप’ ने 218 जोनों, कांग्रेस ने 62, शिरोमणि अकाली दल ने 46 और भाजपा ने 3 जोनों में जीत हासिल की। जिला परिषद और पंचायत समिति दोनों चुनावों में कुल मिलाकर करीब 4.04 लाख वोट रद्द घोषित किए गए।

यह भी देखें : सरकार कर्मचारियों की मांगों के प्रति पूरी तरह गंभीर : हरपाल सिंह चीमा