लाहौर, 15 जनवरी : पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पुलिस ने एक भारतीय सिख महिला सरबजीत कौर (48) को गिरफ्तार कर लाहौर के सरकारी शरण गृह में भेज दिया है। सरबजीत कौर ने हाल ही में एक स्थानीय मुस्लिम युवक से विवाह किया था। उनके पति नसीर हुसैन को पुलिस हिरासत में रखा गया है। पंजाब प्रांतीय सरकार के सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी प्रशासन सरबजीत कौर को भारत सौंपने की प्रक्रिया पर विचार कर रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्च स्तर पर जांच की जा रही है।
गुरुनानक जयंती पर पाकिस्तान आई थीं सरबजीत
सरबजीत कौर नवंबर महीने में गुरु नानक जयंती के अवसर पर लगभग दो हजार सिख श्रद्धालुओं के साथ भारत से पाकिस्तान आई थीं। अधिकांश श्रद्धालु कुछ दिनों बाद वापस लौट गए, लेकिन सरबजीत भारत नहीं लौटीं, जिसके बाद उनके लापता होने की खबर सामने आई।
पाकिस्तान पहुंचते ही किया निकाह
लाहौर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, सरबजीत कौर ने पाकिस्तान पहुंचने के एक दिन बाद शेखूपुरा जिले के निवासी नसीर हुसैन से निकाह किया। निकाह से पहले उन्हें मुस्लिम नाम ‘नूर’ दिया गया था। इस मामले से जुड़े एक वीडियो संदेश में सरबजीत कौर ने कहा था कि वह तलाकशुदा हैं और अपनी मर्जी से विवाह करने के लिए पाकिस्तान आई थीं। उन्होंने यह भी कहा था कि वह वीज़ा अवधि बढ़ाने और पाकिस्तानी नागरिकता के लिए आवेदन करना चाहती हैं।
यह मामला अब दोनों देशों के प्रशासन की नजर में है। पुलिस और सरकारी एजेंसियां सभी कानूनी पहलुओं की जांच कर रही हैं, ताकि आगे की कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत की जा सके।
यह भी देखें : इरान ने अपना हवाई क्षेत्र फिर से खोला, हालात अब भी तनावपूर्ण

More Stories
सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर हमला, एक भारतीय समेत दो की मौत
शेख हसीना ने कहा- ‘मुझे मार दो या गिरफ्तार कर लो, दिसंबर में बांग्लादेश लौटूंगी’
इंडिगो और एयर इंडिया ने 24 अक्टूबर तक रद्द की सऊदी अरब जाने वाली उड़ानें