चंडीगढ़, 21 जनवरी : पंजाब बिल्डिंग एंड अदर कंस्ट्रक्शन वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड द्वारा श्रम विभाग के साझेदारों के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रम मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने बोर्ड की योजनाओं और प्रक्रियाओं पर आधारित एक हैंडबुक जारी की। श्रम मंत्री ने कहा कि यह हैंडबुक निर्माण श्रमिकों को समय पर कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे प्रक्रियाओं को सरल किया जाएगा और श्रमिकों के हित में एक श्रमिक-हितैषी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
श्रम सुधारों पर पैनल चर्चा आयोजित
कार्यक्रम के दौरान श्रम सुधारों को लेकर एक पैनल चर्चा भी आयोजित की गई। इसमें योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी चुनौतियों, क्षेत्रीय अनुभवों और नए लेबर कोड्स के तहत प्रक्रियात्मक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पारदर्शिता, अनुपालन में सहजता और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। समारोह में कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों को सम्मानित किया गया। संबंधित उपायुक्तों को प्रशंसा पत्र भेंट किए गए, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले सहायक श्रम आयुक्तों और श्रम निरीक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
प्रक्रियात्मक सुधारों की जानकारी साझा
सदस्य पीडीसी अनुराग कुंडू और श्रम सचिव मनवेश सिंह सिद्धू ने बोर्ड द्वारा प्रक्रियाओं को सरल बनाने, अनावश्यक दस्तावेजों को कम करने और योजनाओं की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए किए गए सुधारों पर प्रकाश डाला। साथ ही निर्माण श्रमिकों तक पहुंच बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी। श्रम आयुक्त-सह-सचिव राजीव गुप्ता, उप सचिव पदमजीत सिंह और पंजाब विकास आयोग के कर्मचारियों को हैंडबुक तैयार करने तथा अनावश्यक प्रक्रियात्मक बाधाओं को कम करने के लिए किए गए प्रयासों हेतु विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में निदेशक ग्रामीण विकास अमित तलवार, डीसी संगरूर राहुल चब्बा, पटियाला व फाजिल्का के एडीसी, सहायक श्रम आयुक्त, उप निदेशक फैक्ट्रियां, श्रम निरीक्षक सहित पंजाब बिल्डिंग एंड अदर कंस्ट्रक्शन वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड और श्रम कल्याण बोर्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
यह भी देखें : सूचना एवं लोक संपर्क विभाग ने आयोजित किया चौथा वार्षिक धार्मिक समागम

More Stories
श्री अकाल तख़्त साहिब ने लिया सख़्त नोटिस, जांच के दिए आदेश
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग ने आयोजित किया चौथा वार्षिक धार्मिक समागम
पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त बनाने के लिए ‘गैंगस्टरों ते वार’ की शुरुआत