February 15, 2026

दिल्ली पुलिस ने अलकायदा से जुड़े 6 आतंकियों के पोस्टर जारी किए

दिल्ली पुलिस ने अलकायदा से जुड़े 6 ...

नई दिल्ली, 22 जनवरी : गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली पुलिस ने अल-कायदा से जुड़े 6 आतंकियों के पोस्टर जारी किए हैं। इन पोस्टरों में पहली बार दिल्ली के एक आतंकवादी की तस्वीर शामिल की गई है। यह आतंकी मोहम्मद रेहान है, जो ‘अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट’ (AQIS) से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही हैं।

26 जनवरी को 77वें गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र दिल्ली में, विशेषकर कर्तव्य पथ पर, बेहद सख्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। खुफिया एजेंसियों से मिली सूचनाओं के आधार पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

सीसीटीवी, एआई और फेस रिकॉग्निशन सिस्टम की तैनाती

पूरे इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें उन्नत फेस रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) का इस्तेमाल किया जा रहा है। कंट्रोल रूम में लगभग 1,000 कैमरों की निगरानी की जा रही है। AI और FRS के जरिए किसी भी संदिग्ध या आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति की पहचान होते ही तुरंत अलर्ट मिल जाएगा। लगभग 10,000 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे। सुरक्षा के कई स्तर बनाए गए हैं। ऊंची इमारतों पर स्नाइपर तैनात किए गए हैं और एंटी-ड्रोन यूनिट हवा से निगरानी कर रही है।

होटल, गेस्ट हाउस और किराएदारों की जांच

सुरक्षा के तहत होटल, गेस्ट हाउस, किराएदारों और घरेलू नौकरों की सघन जांच की जा रही है। पैदल चलने वालों को कम से कम तीन बार मेटल डिटेक्टर से जांचा जाएगा। एडिशनल पुलिस कमिश्नर देवेश कुमार महला ने बताया, “गणतंत्र दिवस एक तय समय और स्थान पर आयोजित होता है। इसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षा का स्टैंडर्ड प्रोटोकॉल लागू किया गया है। हमने जमीनी स्तर पर 9 बार ब्रीफिंग और रिहर्सल की है।”

संदिग्ध वाहनों पर भी कड़ी नजर

कंट्रोल रूम में लगे कैमरों के जरिए चोरी या संदिग्ध वाहनों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लगातार निगरानी रख रही है ताकि गणतंत्र दिवस शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से मनाया जा सके।