February 5, 2026

दीपिका पर प्रियंका चोपड़ा के एक ‘लाइक’ से सोशल मीडिया पर बवाल

दीपिका पर प्रियंका चोपड़ा के एक...

नई दिल्ली, 22 जनवरी : सोशल मीडिया पर एक मामूली से ‘टैप’ ने बड़ी बहस खड़ी कर दी है। ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा द्वारा एक रील को ‘लाइक’ किए जाने के बाद विवाद शुरू हो गया है। यह रील अभिनेत्री दीपिका पादुकोण पर तंज कसने से जुड़ी थी, जिसके चलते दीपिका के प्रशंसक नाराज हो गए और प्रियंका अचानक चर्चा के केंद्र में आ गईं। दरअसल, एक सोशल मीडिया यूजर ने एक वीडियो साझा की थी, जिसमें प्रियंका चोपड़ा को ‘असली ग्लोबल स्टार’ बताया गया। वीडियो में प्रियंका की जमकर तारीफ की गई और कहा गया कि वह अपने व्यस्त शेड्यूल के बावजूद मुंबई आईं, अपना काम पूरा किया और तुरंत अमेरिका लौट गईं।

दीपिका पर कसा गया तंज

वीडियो में अन्य अभिनेत्रियों से तुलना करते हुए कहा गया कि दीपिका पादुकोण जैसी अभिनेत्री 8 घंटे की शिफ्ट की मांग करती हैं। इसी तुलना को लेकर विवाद खड़ा हो गया, क्योंकि इसे दीपिका की आलोचना और उन पर सीधा तंज माना जा रहा है। रील में प्रियंका के अनुशासन और प्रोफेशनल रवैये की सराहना की गई। वीडियो में यह भी कहा गया कि प्रियंका ने न तो ‘जेट लैग’ का बहाना बनाया और न ही किसी तरह की खास मांग रखी, बल्कि पूरी तरह अपने काम पर फोकस किया।

‘लाइक’ बना विवाद की वजह

हालांकि प्रियंका चोपड़ा ने इस वीडियो पर कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन उनका इसे ‘लाइक’ करना ही विवाद की जड़ बन गया। सोशल मीडिया यूजर्स इसे दीपिका की आलोचना का समर्थन मान रहे हैं। वीडियो के अंत में सवाल उठाया गया कि क्या आज की अभिनेत्रियों में प्रियंका जैसा दम है? इसी सवाल ने फैंस के बीच नई बहस को जन्म दे दिया है, जहां एक ओर प्रियंका के समर्थक उनके प्रोफेशनलिज्म की तारीफ कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर दीपिका के प्रशंसक इस तुलना को अनुचित बता रहे हैं।

यह भी देखें : ‘धुरंधर’ की सारा ने रणवीर संग 20 साल के अंतर पर कहा, जियो और जीने दो