February 4, 2026

रिहायशी इलाकों से हाई वोल्टेज लाइनें हटाने की कोशिश : अनिल विज

रिहायशी इलाकों से हाई वोल्टेज लाइनें...

यमुनानगर, 30 जनवरी : हरियाणा के बिजली मंत्री अनिल विज ने कहा है कि सरकार रिहायशी क्षेत्रों में मौजूद 33 केवी और 66 केवी की बिजली लाइनों को हटाने के प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

खंभों और ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत जारी

अनिल विज ने कहा कि हाल ही में तेज हवा और बारिश के कारण जो बिजली के खंभे और ट्रांसफॉर्मर गिरे हैं, उनकी मरम्मत का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। विभाग के कर्मचारी लगातार फील्ड में तैनात हैं। मंत्री ने बताया कि ओवरहेड बिजली तारों के मामलों में यह देखा जाता है कि पहले तार बिछाई गई थीं या बाद में मकान बनाया गया। यदि मकान बाद में बनाया गया है, तो तार हटवाने के लिए निर्धारित अनुमान राशि जमा करानी अनिवार्य होगी।

बिजली कटौती की अनुमति नहीं: विज

बिजली कटौती के सवाल पर अनिल विज ने साफ कहा कि वे कहीं भी बिजली कटौती की अनुमति नहीं देते। उन्होंने कहा, “मैं स्वयं इसकी निगरानी करता हूं और झक्कड़ के कारण गिरे खंभों की मरम्मत के लिए कर्मचारी लगातार काम कर रहे हैं।” कांग्रेस को लेकर पूछे गए सवाल पर अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस अब एक बिखरी हुई पार्टी बन चुकी है और देशभर में उसका सफाया हो रहा है। उनका दावा है कि हरियाणा, दिल्ली और बिहार जीतने के बाद भाजपा ने महाराष्ट्र में भी निगम चुनाव जीते हैं।

भाजपा की जीत का सिलसिला जारी रहेगा

अनिल विज ने कहा कि अब अगला नंबर बंगाल का है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीत का काफिला लगातार आगे बढ़ रहा है और यह सिलसिला यूं ही चलता रहेगा, क्योंकि कांग्रेस लगातार हार रही है और आगे भी हारती रहेगी।

यह भी देखें : पंजाब सरकार कर्मचारियों की जायज़ मांगों को हल करने के लिए प्रतिबद्ध: डॉ. रवजोत सिंह