वॉशिंगटन/मॉन्ट्रियल, 30 जनवरी : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा पर कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि यदि अमेरिकी कंपनी गल्फस्ट्रीम एयरोस्पेस के विमानों को कनाडा में मंजूरी नहीं दी गई, तो अमेरिका में बिकने वाले कनाडाई जेट विमानों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा। ट्रंप ने आरोप लगाया कि कनाडा जानबूझकर अमेरिकी कंपनी गल्फस्ट्रीम के विमानों के सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया को गलत तरीके से रोक रहा है। उन्होंने कहा कि कनाडा को या तो अपना फैसला बदलना होगा या अमेरिकी टैरिफ का सामना करना पड़ेगा।
अमेरिका-कनाडा संबंधों में बढ़ सकता है तनाव
ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “अगर किसी भी कारण से इस स्थिति को तुरंत ठीक नहीं किया गया, तो मैं संयुक्त राज्य अमेरिका में बिकने वाले कनाडा के सभी विमानों पर 50% टैरिफ लगाने जा रहा हूं।” ट्रंप की इस धमकी से अमेरिका और कनाडा के बीच पहले से चल रहे तनाव और गहराने की आशंका है। इससे पहले भी दोनों देश कई व्यापारिक और नीतिगत मुद्दों पर आमने-सामने आ चुके हैं।
चीन के साथ व्यापार पर 100% टैरिफ की धमकी
एक सप्ताह पहले ट्रंप ने कनाडा के चीन के साथ व्यापारिक समझौते को लेकर भी सख्त चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि यदि कनाडा चीन के साथ कोई व्यापारिक सौदा करता है, तो अमेरिका कनाडा से आने वाले सभी उत्पादों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगा देगा। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी को ‘गवर्नर’ कहकर संबोधित करते हुए लिखा कि अगर कनाडा चीन के लिए अमेरिका में सामान भेजने का रास्ता बनता है, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। उन्होंने दावा किया कि चीन कनाडा के हितों को नुकसान पहुंचाएगा और देश को आर्थिक रूप से कमजोर कर देगा।
कनाडा ने चीन से ईवी आयात पर घटाया टैक्स
ट्रंप की सख्त व्यापारिक नीतियों से परेशान होकर कनाडा वैकल्पिक रास्ते तलाश रहा है। इसी कड़ी में कनाडा ने चीन से आने वाली इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) पर 100 प्रतिशत आयात शुल्क घटाकर 6.1 प्रतिशत कर दिया है। प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के अनुसार यह छूट सीमित समय के लिए है। फिलहाल सालाना 49,000 गाड़ियों के आयात की अनुमति होगी, जिसे अगले पांच वर्षों में बढ़ाकर 70,000 किया जाएगा।
चीन ने भी कनाडा को दी व्यापारिक राहत
इसके बदले चीन ने कनाडा के कृषि उत्पादों, विशेषकर कैनोला बीजों पर लगने वाली ड्यूटी 84 प्रतिशत से घटाकर 15 प्रतिशत कर दी है। हाल ही में बीजिंग में प्रधानमंत्री कार्नी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई बैठक में दोनों देशों ने पुराने मतभेद भुलाकर रिश्ते सुधारने का संकल्प लिया।
यह भी देखें : 8 वर्षों बाद ब्रिटिश प्रधानमंत्री का चीन दौरा, ब्रिटेन–चीन रिश्तों में नई शुरुआत

More Stories
ट्रंप ने ईरान को दिया युद्ध रोकने का दिया प्रस्ताव
कुवैत एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला, फ्यूल टैंक में लगी आग
Kim Jong Un: परमाणु हथियार सही, Iran हमलों का हवाला