February 4, 2026

जेल से ही सत्संग करेगा राम रहीम, कई राज्यों में ऑनलाइन होगा लाइव प्रसारण

जेल से ही सत्संग करेगा राम रहीम...

सिरसा, 1 फरवरी : डेरा सच्चा सौदा सिरसा प्रमुख गुरमीत राम रहीम 1 फरवरी को ऑनलाइन सत्संग करेंगे। इस सत्संग में वह परमात्मा की प्राप्ति, भूत-प्रेत जैसे अंधविश्वासों से बाहर निकलने के उपाय, नशे की लत से बचने के आसान और प्रभावशाली तरीके, लाइलाज मानी जाने वाली बीमारियों में राहत पाने के उपाय, बच्चों की शिक्षा और खेलों में आत्मविश्वास बढ़ाने के टिप्स तथा खेती, व्यापार और अन्य क्षेत्रों में सफलता पाने के 6 सूत्र बताएंगे। इन 6 टिप्स को लेकर श्रद्धालुओं के बीच पहले से ही प्रचार किया जा रहा है।

कपास मंडी में पहली बार होगा लाइव आयोजन

डेरा प्रमुख का यह सत्संग सिरसा में डेरा परिसर के बाहर कपास मंडी में पहली बार बड़े स्तर पर लाइव दिखाया जाएगा। यहां 15 से 16 हजार श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। गौरतलब है कि 40 दिन की पैरोल पर आने के बाद डेरा प्रमुख रोजाना डेरा परिसर में नाम चर्चा कर रहे हैं, लेकिन इस विशेष सत्संग को लेकर पहले से कहीं ज्यादा व्यापक तैयारियां की गई हैं।

हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में प्रसारण

यह ऑनलाइन कार्यक्रम हरियाणा के अलावा पंजाब, दिल्ली और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में दिखाया जाएगा। हरियाणा और पंजाब में 10-10 स्थानों पर लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई है। हरियाणा में सिरसा, फतेहाबाद के टोहाना, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पानीपत, गुरुग्राम और बल्लभगढ़ में सत्संग को लाइव दिखाया जाएगा। पंजाब में मानसा, मोगा, चंडीगढ़, फाजिल्का, फिरोजपुर, लुधियाना, मुक्तसर साहिब, संगरूर, पटियाला और बठिंडा में ऑनलाइन सत्संग का प्रसारण किया जाएगा।

प्रशासन से ली गई अनुमति

सिरसा मार्केट कमेटी के सचिव वीरेंद्र मेहता ने बताया कि इस आयोजन के लिए एसडीएम से अनुमति ले ली गई है। आयोजन के लिए दो शेड मांगे गए हैं, जिनके लिए 10 हजार रुपये किराया अदा किया गया है। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन और डेरा प्रबंधन द्वारा सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।