अमृतसर, 3 फरवरी : पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह मान के दोहते गोबिंद सिंह संधू ने आज श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय पहुंचकर कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज को अपनी गलती स्वीकार करते हुए क्षमा याचना पत्र सौंपा। गौरतलब है कि बीते दिनों गोबिंद सिंह संधू के विवाह समारोह के दौरान उनके सिर के ऊपर छत्र झुलाया गया और चौर साहिब किया गया, जिसे सिख मर्यादा का उल्लंघन मानते हुए सिख संगत और विभिन्न सिख नेताओं ने कड़ी निंदा की थी।
पहले सोशल मीडिया पर ली थी जिम्मेदारी
इस मामले को लेकर आज गोबिंद सिंह संधू श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय पहुंचे और उन्होंने अपनी गलती से संबंधित एक लिखित पत्र जत्थेदार को सौंपा।
इससे पहले वे सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर इस गलती की जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए क्षमा याचना कर चुके हैं। अपनी सफाई में गोबिंद सिंह संधू ने कहा कि वे शहजादपुर रियासत के वंशज हैं और यह उनकी पुरानी रियासती परंपरा रही है।
हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि रियासतों का दौर समाप्त होने के बाद यह सम्मान केवल श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के लिए ही आरक्षित है।
सिख नेताओं ने की सख्त कार्रवाई की मांग
दूसरी ओर, सिख नेता करनैल सिंह पीर मुहम्मद ने इस घटना को सीधे तौर पर गुरु साहिब की बराबरी करने का प्रयास बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी धार्मिक कार्रवाई की मांग की है। अब यह पूरा मामला पांच सिंह साहिबान की अगली बैठक में विचाराधीन रहेगा, जहां इस पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
यह भी देखें : आज रिहा होंगे बिक्रम सिंह मजीठिया, अकाली कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह

More Stories
बठिंडा में कपड़ा व्यापारी से 23 लाख की ठगी, फिरोजपुर के दो लोगों पर केस
माहिलपुर पुलिस को बड़ी सफलता, 7 मोटरसाइकिल और 1 एक्टिवा बरामद, चार चोर गिरफ्तार
जालंधर कैंट में बिजली ट्रांसफार्मर में भीषण आग, इलाके में अफरा-तफरी