July 3, 2026

आज रिहा होंगे बिक्रम सिंह मजीठिया, अकाली कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह

आज रिहा होंगे बिक्रम सिंह मजीठिया...

नाभा, 3 फरवरी : नाभा की नई जिला जेल में बंद शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया की रिहाई की खबरों के बाद अकाली कार्यकर्ताओं में भारी जोश देखने को मिल रहा है। मंगलवार सुबह से ही बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता जेल के बाहर जुटने लगे हैं।

जेल के बाहर उमड़ा अकाली दल का हुजूम

हलका इंचार्ज मक्कन सिंह लालका की अगुवाई में अकाली दल के कार्यकर्ता और नेता सुबह से ही नाभा जेल के बाहर एकत्र हो रहे हैं। मौके पर मौजूद मक्कन सिंह लालका ने कहा कि पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं में मजीठिया की रिहाई को लेकर जबरदस्त उत्साह है। जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद बिक्रम सिंह मजीठिया आज करीब सुबह 11 बजे जेल से रिहा होंगे। फिलहाल जेल प्रशासन रिहाई से जुड़ी कागजी कार्रवाई पूरी करने में जुटा हुआ है और सुबह के समय उनके बाहर आने की संभावना जताई जा रही है।

सुप्रीम कोर्ट से मिली बड़ी राहत

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को आय से अधिक संपत्ति मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को राहत दी थी। 2 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने पंजाब सरकार के वकील से सवाल किया था, “आप बिक्रम सिंह मजीठिया को जेल में क्यों रखना चाहते हैं?” अदालत ने यह भी नोट किया कि मजीठिया पिछले सात महीनों से जेल में बंद हैं।

मजीठिया की ओर से हाईकोर्ट के आदेशों को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही पंजाब विजिलेंस ब्यूरो को नोटिस जारी किया था। इसके बाद अब उन्हें जमानत मिलने का रास्ता साफ हुआ।

अकाली राजनीति के लिए अहम मोड़

लंबे समय से जेल में बंद रहने के बाद मजीठिया की रिहाई को शिरोमणि अकाली दल की राजनीति के लिए एक अहम मोड़ माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं में इसे लेकर भारी उत्साह और सक्रियता देखी जा रही है।