February 4, 2026

कनाडा में फिरौती हिंसा पर बवाल, हथियार लाइसेंस देने की मांग से छिड़ा विवाद

कनाडा में फिरौती हिंसा पर बवाल...

सरी (ब्रिटिश कोलंबिया), 4 फरवरी : कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरी शहर में फिरौती से जुड़ी हिंसा की बढ़ती घटनाओं के बीच एक स्थानीय निवासी की मांग ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। सरी निवासी विक्रम बाजवा ने नागरिकों को आत्मरक्षा के लिए हथियारबंद होने की अनुमति देने हेतु 500 बंदूक लाइसेंस जल्द जारी करने की मांग की है। विक्रम बाजवा ने ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड एबी को सख्त शब्दों में पत्र लिखते हुए अपने और अन्य प्रभावित निवासियों के लिए ‘पजेशन एंड एक्विजिशन लाइसेंस’ (PAL) को त्वरित रूप से जारी करने के लिए एक आपातकालीन विधेयक लाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि लोगों को खुद अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी उठानी पड़ेगी।

“विजिलांटे काउबॉय” बनने की बात

कोस्ट माउंटेन न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार बाजवा ने कहा कि इस हिंसा का जवाब देने के लिए नागरिकों को “बी.सी. विजिलांटे काउबॉय” बनना पड़ेगा। उनका मानना है कि मौजूदा हालात में केवल कानून व्यवस्था के भरोसे रहना पर्याप्त नहीं है।

बाजवा ने शहर में फैले भय का जिक्र करते हुए कहा कि लोग अपनी आवाजाही सीमित कर रहे हैं, सामाजिक कार्यक्रमों से बच रहे हैं और लगातार चिंता में जी रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई फोन कर पांच लाख डॉलर की फिरौती मांगे और पैसे न देने पर बच्चे के अपहरण की धमकी दे, तो एक पिता अपने परिवार को कैसे सुरक्षित रखे।

गोलीबारी और फिरौती के बढ़ते मामले

बाजवा के मुताबिक 15 जनवरी 2026 से अब तक सरी में फिरौती से जुड़ी गोलीबारी की चार घटनाएं हो चुकी हैं। इसके अलावा साल की शुरुआत से अब तक कुल चार अन्य गोलीबारी और 34 फिरौती के मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

सुरक्षा बनाम कानून पर बहस तेज

इस मांग के बाद सरी और पूरे ब्रिटिश कोलंबिया में सुरक्षा, हथियार कानून और नागरिकों की आत्मरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है। एक ओर लोग बढ़ती हिंसा से भयभीत हैं, वहीं दूसरी ओर हथियार लाइसेंस को लेकर संभावित खतरों पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

यह भी देखें : तनाव के बीच अमेरिका-ईरान शुक्रवार को करेंगे परमाणु वार्ता