February 5, 2026

भारत ने रचा इतिहास, लगातार छठी बार U-19 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचा

भारत ने रचा इतिहास, लगातार छठी बार ...

नई दिल्ली, 5 फरवरी : आईसीसी पुरुष अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। बुधवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत लगातार छठी और कुल 10वीं बार अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गया।

311 रन का लक्ष्य, रिकॉर्ड चेज

अफगानिस्तान ने भारत के सामने जीत के लिए 311 रन का विशाल लक्ष्य रखा था। भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह लक्ष्य सिर्फ 41.1 ओवर में हासिल कर लिया। अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी टीम ने 300 से ज्यादा रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया हो। भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो एरॉन जॉर्ज रहे, जिन्होंने 104 गेंदों में 15 चौके और 2 छक्कों की मदद से 115 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।

सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी शुरुआत दी और सिर्फ 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 33 गेंदों में 68 रन (9 चौके, 4 छक्के) बनाए।
कप्तान आयुष म्हात्रे ने 59 गेंदों में 62 रन का अहम योगदान दिया, जबकि उप-कप्तान विहान मल्होत्रा 38 रन बनाकर नाबाद रहे।

अफगानिस्तान के दो शतक पड़े बेकार

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 310 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से फैसल शिनोजादा ने 110 रन और उजैरुल्लाह नियाजी ने नाबाद 101 रन की पारी खेली। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 148 रन की बड़ी साझेदारी हुई, लेकिन भारतीय बल्लेबाजी के आगे यह स्कोर भी छोटा साबित हुआ। भारत की ओर से कनिष्क चौहान ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके।

अब फाइनल में इंग्लैंड से मुकाबला

पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम अब 6 फरवरी को हरारे में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड से भिड़ेगी। इंग्लैंड ने पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 27 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही भारतीय टीम की नजरें अब अपने छठे खिताब पर टिकी हैं।