February 5, 2026

मजीठिया को मिली जमानत ‘आप’ सरकार की लापरवाही : कुंवर विजे प्रताप

मजीठिया को मिली जमानत ‘आप’ सरकार...

अमृतसर, 5 फरवरी : पंजाब के अमृतसर नॉर्थ से विधायक और आम आदमी पार्टी (AAP) से पांच साल के लिए निलंबित किए गए कुंवर विजे प्रताप सिंह ने फेसबुक लाइव के जरिए अपनी ही सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बिक्रम सिंह मजीठिया को मिली जमानत को सरकार की गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया। कुंवर विजे प्रताप ने कहा कि विजिलेंस द्वारा दर्ज किया गया ‘आय से अधिक संपत्ति’ का मामला पूरी तरह राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका ड्रग्स केस से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन जानबूझकर दोनों मामलों को जोड़कर भ्रम फैलाया जा रहा है।

ड्रग्स केस कांग्रेस सरकार के समय दर्ज हुआ

उन्होंने बताया कि ड्रग्स से जुड़ा मामला दिसंबर 2021 में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान दर्ज किया गया था, जब मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी थे। यह एफआईआर आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से पहले पंजाब स्टेट क्राइम सेल में दर्ज की गई थी। कुंवर विजे प्रताप के अनुसार, ‘आय से अधिक संपत्ति’ का केस करीब सात महीने पहले दर्ज किया गया, जो बदले की भावना से प्रेरित है और अदालत में टिक नहीं पाएगा।

हर मामले के बाद नया केस लाया गया

विधायक ने आरोप लगाया कि चाहे बरगाड़ी बेअदबी मामला हो या ड्रग्स केस, हर बार किसी न किसी समझौते के बाद नया मामला सामने लाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस सरकार के समय ड्रग्स केस दर्ज होने पर AAP ने कोई बड़ा आंदोलन या जनदबाव क्यों नहीं बनाया।

कुंवर विजे प्रताप ने कहा कि मार्च 2022 में भगवंत मान के मुख्यमंत्री बनने के समय बिक्रम सिंह मजीठिया जेल में थे, इसके बावजूद न तो प्रभावी पूछताछ हुई, न रिमांड लिया गया और न ही समय पर चालान पेश किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही या सहमति के चलते 10 अगस्त 2022 को मजीठिया को जमानत मिल गई।

यह भी देखें : सुखपाल खैरा ने पंजाब सरकार पर मतदाताओं का निजी डाटा चुराने का आरोप लगाया