February 10, 2026

आम आदमी क्लीनिक बने पंजाब की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़

आम आदमी क्लीनिक बने पंजाब की...

चंडीगढ़, 9 फरवरी : भगवंत मान सरकार ने पंजाब की स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली में ऐतिहासिक और जनहितकारी परिवर्तन किए हैं। इसके तहत आम आदमी क्लीनिक (AAC) पूरे राज्य में आसान पहुंच और मुफ्त प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का मजबूत आधार बनकर उभरे हैं। पंजाब विकास आयोग (PDC) द्वारा जारी स्टेट रिपोर्ट कार्ड इस बदलाव का ठोस प्रमाण पेश करता है।

96 प्रतिशत मरीज इलाज से संतुष्ट

राज्यभर के 18,256 मरीजों से बातचीत के आधार पर तैयार मरीज फीडबैक स्टेट रिपोर्ट कार्ड के अनुसार, 96 प्रतिशत मरीजों ने आम आदमी क्लीनिकों में मिलने वाले इलाज पर संतोष जताया है। रिपोर्ट साफ तौर पर बताती है कि पंजाब में प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था अब अव्यवस्थाओं और लापरवाही से निकलकर भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण प्रणाली में बदल चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, सभी मरीजों को आम आदमी क्लीनिकों में दवाइयां पूरी तरह मुफ्त मिल रही हैं। 92 प्रतिशत लोगों ने पुष्टि की कि उन्हें सभी जरूरी दवाइयां आसानी से उपलब्ध हुईं। वहीं, 94 प्रतिशत मरीजों ने बताया कि उनके निर्धारित जांच टेस्ट क्लीनिक में ही और वह भी पूरी तरह मुफ्त किए गए।

साफ-सुथरे क्लीनिक

यह बदलाव भगवंत मान सरकार की उस बुनियादी सोच को दर्शाता है, जिसमें स्वास्थ्य को अधिकार माना गया है, न कि केवल निजी अस्पतालों का खर्च उठा सकने वाले लोगों की सुविधा। रिपोर्ट में मरीजों के अनुभवों पर विशेष ध्यान दिया गया है। 99 प्रतिशत मरीजों ने क्लीनिकों को साफ-सुथरा बताया, 99 प्रतिशत ने बैठने की पर्याप्त व्यवस्था होने की पुष्टि की, 97 प्रतिशत ने साफ पीने का पानी उपलब्ध होने की बात कही और 95 प्रतिशत ने शौचालयों को स्वच्छ बताया।

जिला स्तर पर भी दिखी एकरूपता

अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला, बठिंडा, होशियारपुर और तरनतारन सहित कई जिलों में उच्च स्तर की संतुष्टि लगातार दर्ज की गई है। पार्टी के अनुसार, यह मजबूत शासन, नियमित निगरानी और पूरे पंजाब में सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की राजनीतिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आम आदमी क्लीनिकों की सफलता देश के अन्य राज्यों के लिए एक मिसाल बनकर उभरी है। बढ़ती चिकित्सा लागत के दौर में पंजाब ने दिखाया है कि राजनीतिक इच्छाशक्ति और पारदर्शी शासन से उच्च गुणवत्ता वाली मुफ्त प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं बड़े पैमाने पर उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

अस्पतालों का बोझ भी हुआ कम

आम आदमी क्लीनिकों की पहल से न केवल आम परिवारों पर आर्थिक बोझ घटा है, बल्कि मोहल्ला स्तर पर इलाज उपलब्ध होने से सेकेंडरी और टर्शियरी अस्पतालों की भीड़ भी कम हुई है। भगवंत मान सरकार ने दोहराया है कि राज्यभर में आम आदमी क्लीनिकों का विस्तार और मजबूती जारी रहेगी, ताकि हर नागरिक को घर के पास समय पर, मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें और सरकारी स्वास्थ्य संस्थाएं जनता के भरोसे और सम्मान का केंद्र बनी रहें।

यह भी देखें : बाजवा की टिप्पणी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने घेरा विधायक का हॉस्टल