तरनतारन, 9 फरवरी : पंजाब के तरनतारन जिले के गांव उस्मा स्थित एक कॉलेज में वैलेंटाइन वीक के दौरान दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कॉलेज में घुसकर एक युवक ने अपनी सहपाठी छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। मृतक छात्रा की पहचान संदीप कौर, निवासी गांव नौशहरा पन्नूआं के रूप में हुई है। वहीं आत्महत्या करने वाले युवक की पहचान प्रिंसराज सिंह, निवासी गांव मलिया के रूप में की गई है।
एकतरफा प्यार बताया जा रहा कारण
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्यार से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार आरोपी युवक कॉलेज परिसर में पहुंचा और छात्रा पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद युवक ने उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली। बताया जा रहा है कि मृतक छात्रा संदीप कौर लॉ (कानून) की पढ़ाई कर रही थी। हैरानी की बात यह है कि आरोपी युवक प्रिंसराज सिंह भी लॉ का ही छात्र था।
पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हत्या और आत्महत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस संबंध में एसएसपी तरनतारन सुरिंदर लांबा ने बताया कि पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर यह मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है। हथियार कहां से आया और युवक कॉलेज तक कैसे पहुंचा, इसकी भी जांच की जा रही है।
कॉलेज खाली, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद कॉलेज परिसर को खाली करवा लिया गया है। सुरक्षा के मद्देनज़र भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाने में लगी हुई है।
यह भी देखें : वैटरनरी पॉलीक्लीनिकों में खुलेंगे ‘ब्लू क्रास’ स्टोर: गुरमीत सिंह खुडियां

More Stories
अमरजीत सिंह चावला पर लगे गंभीर आरोपों पर सुखबीर बादल अभी तक चुप क्यों हैं? – बलतेज पन्नू
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शहरी और ग्रामीण स्थानीय निकायों के लिए मजबूत वित्तीय ढांचे की वकालत की
जीरकपुर में फ्लाईओवर से नीचे गिरा बाइक सवार युवक, मौत