नई दिल्ली, 10 फरवरी : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपनी ऑनलाइन सेवाओं को और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। अब EPF खाताधारकों को जल्द ही UPI पेमेंट गेटवे के जरिए अपने PF खाते से तुरंत निकासी की सुविधा मिलने वाली है। श्रम मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार EPFO की नई मोबाइल ऐप अप्रैल में लॉन्च की जाएगी। इस ऐप के जरिए सदस्य अपने PF खाते से सीधे UPI के माध्यम से बैंक खाते में राशि ट्रांसफर कर सकेंगे। यह सुविधा EPFO 3.0 के तीसरे चरण के तहत शुरू की जा रही है।
डमी खातों पर चल रहा ट्रायल
मंत्रालय के वरिष्ठ सूत्रों ने बताया कि इस नई सेवा का ट्रायल शुरू हो चुका है। फिलहाल 100 से अधिक डमी खातों पर परीक्षण किया जा रहा है, ताकि किसी भी तकनीकी खामी को दूर किया जा सके।
नई ऐप के जरिए सदस्य:
- PF पासबुक बैलेंस देख सकेंगे
- निकासी योग्य राशि की जानकारी ले सकेंगे
- लिंक्ड बैंक खाते में UPI पिन के जरिए सुरक्षित लेन-देन कर सकेंगे
PF की 25 फीसदी राशि रहेगी फ्रीज
नए नियमों के तहत PF खाते की न्यूनतम 25 प्रतिशत राशि फ्रीज रहेगी। शेष राशि में से खाताधारक तय सीमा के अनुसार जरूरत पड़ने पर निकासी कर सकेंगे। फिलहाल EPF सेवाएं UAN पोर्टल और UMANG ऐप के जरिए उपलब्ध हैं, जो आगे भी जारी रहेंगी। हालांकि नई ऐप से सेवाओं की गति और पहुंच में और सुधार होगा।
वर्तमान में PF निकासी के लिए आवेदन करना पड़ता है, जिसमें समय लगता है। हालांकि ऑटो-सेटलमेंट मोड में दावे तीन दिनों के भीतर निपटाए जाते हैं। हाल ही में इसकी सीमा एक लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दी गई है।
8 करोड़ से ज्यादा सदस्य होंगे लाभान्वित
EPFO के करीब 8 करोड़ सदस्य हैं और संगठन हर साल 5 करोड़ से अधिक दावों का निपटारा करता है। कोविड काल में शुरू हुई ऑनलाइन ऑटो-सेटलमेंट व्यवस्था को अब और उन्नत किया जा रहा है, ताकि PF सदस्यों को भी बैंक बैलेंस जैसी त्वरित सुविधा मिल सके।
यह भी देखें : मणिपुर हिंसा: उखरूल जिले में आगजनी के बाद हालात तनावपूर्ण, कर्फ्यू लागू

More Stories
मणिपुर हिंसा: उखरूल जिले में आगजनी के बाद हालात तनावपूर्ण, कर्फ्यू लागू
केंद्र सरकार ने राजपुरा बाईपास रेल लाइन के लिए 412 करोड़ रुपये मंजूर किए
शेयर बाजार: लगातार तीसरे दिन Sensex और Nifty में तेजी