February 12, 2026

देशव्यापी हड़ताल को ‘आप’ का समर्थन, केंद्र सरकार पर साधा निशाना

देशव्यापी हड़ताल को ‘आप’ का समर्थन...

चंडीगढ़, 12 फरवरी : पंजाब की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) ने केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों द्वारा 12 फरवरी को दिए गए देशव्यापी हड़ताल के आह्वान को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। पार्टी ने कहा कि उसके कार्यकर्ता पूरे पंजाब और देशभर में किसानों और मजदूरों के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन में सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

केंद्र की नीतियों पर तीखा हमला

‘आप’ ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की “मजदूर विरोधी श्रम नीतियों” और “किसान विरोधी आर्थिक फैसलों” ने मेहनतकश वर्ग की कमर तोड़ दी है। पार्टी का कहना है कि इन नीतियों से श्रमिकों और किसानों की आजीविका पर गंभीर असर पड़ा है।पार्टी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नए श्रम कोड मजदूरों की नौकरी की सुरक्षा को कमजोर करते हैं और नियोक्ताओं को कर्मचारियों को निकालने की खुली छूट देते हैं। ‘आप’ ने इन कानूनों को श्रमिक हितों के खिलाफ बताया।

संयुक्त किसान मोर्चा भी शामिल

संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने भी इस हड़ताल में शामिल होकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, जिससे आंदोलन को और व्यापक समर्थन मिला है ।हड़ताल के मद्देनजर पंजाब में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

यह भी देखें : 13 कृषि सब-इंस्पेक्टरों को मिले नियुक्ति पत्र : गुरमीत सिंह खुड्डियां