February 12, 2026

पेंशन कटौती पर सियासी घमासान, CM सैनी बोले- किसी की पेंशन नहीं कटी

पेंशन कटौती पर सियासी घमासान...

चंडीगढ़, 12 फरवरी : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पेंशन कटौती को लेकर उठे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष भ्रामक प्रचार कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में किसी भी पात्र व्यक्ति की पेंशन नहीं काटी गई है। मंगलवार को हरियाणा निवास में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने “झूठ की दुकान” खोल रखी है और उसके नेता लगातार गुमराह करने वाले बयान दे रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में 2 लाख लोगों की पेंशन काट दी गई है।

‘बुजुर्गों का सम्मान सरकार की प्राथमिकता’

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान और उनकी सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डबल इंजन सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि लाभार्थियों की पेंशन सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचे, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा बुजुर्गों के कल्याण के पक्षधर रहे हैं।

सरकार ने अपने घोषणा पत्र में भी वादा किया था कि 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर उनके इलाज की जिम्मेदारी सरकार उठाएगी। इस योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक की चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है।

मंत्रीगण भी रहे मौजूद

इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और मुख्यमंत्री के प्रधान प्रमुख सचिव राजेश खुल्लर भी उपस्थित थे।

यह भी देखें :युवा पीढ़ी का खेती से घटता रुझान, पंजाब में खेती से दूर हो रहे युवा मजदूर