February 13, 2026

किसी मुद्दे पर बोलने से पहले पढ़ लिख कर आया करें राहुल गांधी : अनिल विज

किसी मुद्दे पर बोलने से पहले पढ़ लिख...

चंडीगढ़, 13 फरवरी : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लगातार चुनाव हारने के बाद राहुल गांधी अपना संतुलन खो चुके हैं। विज ने दावा किया कि देश आज नरेंद्र मोदी की अगुवाई में पहले से अधिक सुरक्षित है।

कांग्रेस के ऐतिहासिक फैसलों पर उठाए सवाल

अनिल विज ने कांग्रेस के पुराने फैसलों को निशाने पर लेते हुए कहा कि जवाहरलाल नेहरू के समय 38 हजार वर्ग किलोमीटर जमीन चीन के पास चली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि 1971 के युद्ध के बाद इंदिरा गांधी ने 90 हजार पाकिस्तानी युद्ध बंदियों को बिना किसी रणनीतिक लाभ के रिहा कर दिया, जबकि उस समय पीओके समेत अन्य मुद्दों पर दबाव बनाया जा सकता था।

‘चिकन नेक’ और राष्ट्रीय मुद्दों पर बयान

विज ने ‘चिकन नेक’ क्षेत्र के महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने कई अहम मौके गंवाए और अब जिम्मेदारी से बच रही है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा सरकारी कार्यक्रमों और स्कूलों में ‘वंदे मातरम्’ के सभी छह पैराग्राफ अनिवार्य करने के फैसले का स्वागत किया और कहा कि यह शहीदों के बलिदान का सम्मान है। एआईएमआईएम के विरोध पर उन्होंने कहा कि देशहित के मुद्दों पर अनावश्यक राजनीति नहीं होनी चाहिए।

भारत बंद पर प्रतिक्रिया

ट्रेड यूनियनों के भारत बंद को लेकर अनिल विज ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध सभी का अधिकार है और प्रदेश में स्थिति सामान्य बनी हुई है।