February 17, 2026

मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत बिगड़ी, मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती

मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत बिगड़ी...

चंडीगढ़/मोहाली, 16 फरवरी : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को आज अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुख्यमंत्री आज ‘आप’ सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के साथ शिवरात्रि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए धूरी हलके के गांव रणीके स्थित रणकेश्वर मंदिर गए हुए थे। इसके बाद उनका फाजिल्का जाने का कार्यक्रम था, लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के चलते दौरा रद्द कर दिया गया और वह हेलीकॉप्टर के जरिए फोर्टिस अस्पताल मोहाली पहुंचाए गए।

मेडिकल जांच सामान्य, हालत स्थिर

अस्पताल प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री के मेडिकल टेस्ट सामान्य आए हैं। उन्हें थकावट महसूस हो रही थी और फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनकी हालत स्थिर बताई गई है। गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल कल ही पंजाब पहुंचे थे।

मोगा रैली पर संशय

मुख्यमंत्री की खराब सेहत के कारण दो अहम राजनीतिक कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं। ‘आप’ ने ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत 16 फरवरी को मोगा में बड़ी रैली रखी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, डॉक्टरों से अनुमति मिलने के बाद ही मुख्यमंत्री मोगा रैली में शामिल होने का निर्णय लेंगे। दूसरा महत्वपूर्ण मुद्दा राज्य में दो उपमुख्यमंत्री नियुक्त करने का है।

सूत्रों के अनुसार, अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के बीच इस विषय पर अंतिम चरण की चर्चा चल रही थी। बताया जा रहा है कि एक उपमुख्यमंत्री हिंदू समुदाय से बनाए जाने पर सहमति बन चुकी है, जबकि दलित समुदाय से उपमुख्यमंत्री नियुक्त किए जाने को लेकर अभी कुछ अड़चनें बनी हुई हैं।

यह भी देखें : पंजाब में 85 स्थानों पर खनन पर रोक, एनजीटी का सख्त आदेश