February 17, 2026

मोगा की मेगा रैली में शामिल होंगे मुख्यमंत्री भगवंत मान

मोगा की मेगा रैली में शामिल होंगे...

चंडीगढ़/मोगा: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज मोगा जिले के गांव किली चहलां में आयोजित आम आदमी पार्टी की मेगा रैली में हिस्सा लेंगे। इससे पहले उनकी तबीयत खराब होने के कारण उन्हें मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी के मुताबिक रविवार को संगरूर में शिवरात्रि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी।

डॉक्टरों के अनुसार उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया था और वे थकावट महसूस कर रहे थे। इसके बाद उन्हें तुरंत मोहाली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार सुबह तक यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि वे रैली में शामिल नहीं हो पाएंगे।

सोशल मीडिया पोस्ट कर किया रैली में आने का ऐलान

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर स्पष्ट किया कि वे आज मोगा रैली में जनता के बीच उपस्थित होंगे। उनके इस फैसले से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। यह रैली राज्य में चल रहे ‘War Against Drugs’ अभियान के प्रचार के रूप में देखी जा रही है। पार्टी को उम्मीद है कि रैली में 50,000 से अधिक लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विधायकों और हल्का इंचार्जों ने व्यापक तैयारियां की हैं।

केजरीवाल और चीमा को संभालनी थी कमान

मुख्यमंत्री की संभावित गैरमौजूदगी को देखते हुए पहले चर्चा थी कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा रैली की अगुवाई करेंगे। हालांकि अब मुख्यमंत्री स्वयं कार्यक्रम में शामिल होंगे। रैली की समाप्ति के बाद पार्टी विधायकों और नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक भी बुलाई गई है। इस बैठक को पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया संबोधित करेंगे। बैठक में आगामी राजनीतिक चुनौतियों और सरकार की रणनीति पर चर्चा होगी।

दो डिप्टी सीएम की नियुक्ति की चर्चा

इस बीच राज्य की राजनीति में बड़े बदलावों की अटकलें भी तेज हो गई हैं। चर्चा है कि आम आदमी पार्टी पंजाब में दो उपमुख्यमंत्रियों की नियुक्ति कर सकती है और मंत्रिमंडल में फेरबदल संभव है। मुख्यमंत्री की तबीयत और संभावित संगठनात्मक बदलावों ने प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है।

यह भी देखें : बठिंडा में सरेआम बिक रहे नशीले पदार्थ, हरसिमरत कौर बादल ने जारी की वीडियो