मोगा/धर्मकोट, 16 फरवरी : आम आदमी पार्टी की मोगा में आयोजित राज्य स्तरीय रैली का विरोध करने जा रहे किसानों और पुलिस के बीच आज तड़के झड़प हो गई। घटना धर्मकोट क्षेत्र के गांव किशनपुरा कलां के पास हुई। जानकारी के अनुसार, किसान मजदूर मोर्चा के नेता सतनाम सिंह पन्नू और बलवंत सिंह ब्राहमके की अगुवाई में किसानों का काफिला मोगा के नजदीक गांव किली चहलां में आयोजित रैली का विरोध करने के लिए रवाना हुआ था।
जब काफिला गांव किशनपुरा कलां से आगे बढ़ा तो धर्मकोट पुलिस ने थाना प्रभारी लछमन सिंह की अगुवाई में रास्ता रोक लिया। पुलिस ने अपनी गाड़ी सड़क के बीच खड़ी कर किसानों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
15 मिनट तक चला टकराव
पुलिस और किसानों के बीच कुछ समय तक बहस होती रही। इसके बाद सड़क के बीच खड़ी पुलिस गाड़ी को हटाने को लेकर दोनों पक्षों में जोर आजमाइश शुरू हो गई, जो करीब 15 मिनट तक चली। आखिरकार किसानों ने पुलिस वाहन को सड़क से किनारे कर दिया और आगे बढ़ने की कोशिश की।
विरोध प्रदर्शन का ऐलान
किसान नेता अवतार सिंह धर्म सिंह वाला ने कहा कि पुलिस की रोक के बावजूद किसान ‘आप’ की रैली स्थल तक पहुंचकर किसान मजदूर मोर्चा की ओर से विरोध प्रदर्शन जरूर करेंगे। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यह भी देखें : मोगा की मेगा रैली में शामिल होंगे मुख्यमंत्री भगवंत मान

More Stories
अमरजीत सिंह चावला पर लगे गंभीर आरोपों पर सुखबीर बादल अभी तक चुप क्यों हैं? – बलतेज पन्नू
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शहरी और ग्रामीण स्थानीय निकायों के लिए मजबूत वित्तीय ढांचे की वकालत की
जीरकपुर में फ्लाईओवर से नीचे गिरा बाइक सवार युवक, मौत