April 6, 2026

एंट्री फीस में भारी बढ़ोतरी से पंजाबियों के लिए हिमाचल जाना हुआ महंगा

एंट्री फीस में भारी बढ़ोतरी से पंजाबियों के...

नंगल, 19 फरवरी : हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करने वाले वाहनों की एंट्री फीस को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा जारी नए नोटिफिकेशन के अनुसार राज्य में प्रवेश करने वाले वाहनों की फीस में भारी बढ़ोतरी की गई है। इस फैसले के बाद क्षेत्र में रोष फैल गया है। जारी नोटिफिकेशन के अनुसार अब राज्य में प्रवेश करने वाली पांच सीटर कार से 130 रुपये वसूले जाएंगे।

इनोवा, जीप, थार और वैन जैसी गाड़ियों के लिए 170 रुपये निर्धारित किए गए हैं। मिनी बस, टेंपो व अन्य हल्के व्यावसायिक वाहनों से 320 रुपये, बस और ट्रक से 570 रुपये वसूले जाएंगे। वहीं अधिक भार ढोने वाले ट्रक, टिप्पर और हैवी ट्राले से क्रमशः 600, 800 और 900 रुपये एंट्री फीस ली जाएगी।

सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों पर बढ़ेगा बोझ

नंगल और आसपास के गांवों के लोगों को इस बढ़ोतरी का सबसे अधिक असर झेलना पड़ेगा। इन क्षेत्रों के कई परिवारों की रिश्तेदारियां हिमाचल प्रदेश के गांवों में हैं। ऐसे में उन्हें रिश्तेदारी में आने-जाने के लिए अब वाहन पर पहले से अधिक खर्च करना होगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें टोल एंट्री से छूट दी जानी चाहिए।

पंजाब से हिमाचल प्रदेश जाने वाले वाहनों के लिए महितपुर, संतोषगढ़, भूबोवाल पोलिया और बाथड़ी में सीमा टोल बैरियर लगाए गए हैं। नए ठेकेदार द्वारा नोटिफिकेशन के अनुसार नई दरें लागू करने की तैयारी की जा रही है।

संघर्ष की चेतावनी

‘इलाका बचाओ संघर्ष मोर्चा’ के नेता परमजीत सिंह पम्मा ने इस बढ़ोतरी की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इसे सरकार की “अंधी लूट” करार देते हुए कहा कि स्थानीय लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने पंजाब के लोगों से इस फैसले के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।

मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि एंट्री के नाम पर हो रही इस वसूली के खिलाफ ठोस कदम नहीं उठाया गया तो यह बोझ और बढ़ सकता है। जल्द ही इस मुद्दे पर बैठक कर तीखे आंदोलन का ऐलान किया जाएगा।

यह भी देखें : आज 20 प्रमुख वैश्विक नेता आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का विश्लेषण करेंगे