अमृतसर, 27 फरवरी : शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या अब बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा पर सीधा असर डाल रही है। स्थानीय निजी स्कूल की सातवीं कक्षा के छात्र सूर्यवंशी अर्जुन सिंह ने इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की है। छात्र ने अमृतसर जिला प्रशासन के डिप्टी कमिश्नर और नगर निगम अमृतसर के कमिश्नर को पत्र लिखकर बताया कि उसके रिहायशी क्षेत्र रणजीत विहार सेक्टर-1 पार्क के सामने 10 से 12 आवारा कुत्तों का झुंड लगातार घूमता रहता है।
उसने पत्र में उल्लेख किया कि ये कुत्ते भौंकते हैं, राहगीरों का पीछा करते हैं और कई बार बच्चों को स्कूल या ट्यूशन जाते समय काटने की कोशिश करते हैं। इससे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।
परीक्षा के समय बढ़ी चिंता
छात्र ने बताया कि फरवरी में परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं, लेकिन कुत्तों के डर के कारण वह पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रहा है। जब उसके सहपाठी परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं, तब वह कॉलोनी में घूम रहे कुत्तों के कारण मानसिक तनाव झेल रहा है। उसने यह भी लिखा कि कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों पर कुत्तों को खाना खिलाते हैं, जिससे उनकी संख्या और आक्रामकता बढ़ रही है।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अनदेखी
छात्र ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि भारत का सर्वोच्च न्यायालय ने सार्वजनिक स्थानों पर आवारा कुत्तों को खिलाने को लेकर स्पष्ट दिशानिर्देश जारी किए हैं, लेकिन इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं हो रहा। रिहायशी क्षेत्र के बच्चे घर से बाहर निकलने में डरते हैं। खेलना लगभग बंद हो चुका है और सुबह स्कूल जाने से पहले भी अभिभावकों को बाहर की स्थिति की जांच करनी पड़ती है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
सूर्यवंशी अर्जुन सिंह ने प्रशासन से अपील की है कि नगर निगम की टीम को मौके पर भेजकर आवारा कुत्तों को पकड़ा जाए, उनका टीकाकरण किया जाए और आवश्यक होने पर उन्हें सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि खासकर बच्चों को राहत मिल सके। कम उम्र में सामाजिक समस्या के प्रति जागरूकता दिखाते हुए छात्र का यह प्रयास सराहनीय माना जा रहा है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कितनी तत्परता से कदम उठाता है।
यह भी देखें : लुधियाना में पीएयू इंप्लाइज यूनियन चुनाव: अंब और टेबल ग्रुप आमने-सामने

More Stories
5 बच्चों के चेहरों पर लौटी मुस्कान, पंजाब सरकार ने करवाया परिवारों से पुन: मिलाप – डॉ. बलजीत कौर
Patiala: स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने CA फाइनल परीक्षा में AIR-1 आने पर नूर सिंगला को दी बधाई
नरोट जैमल सिंह बॉर्डर पर पंजाब पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, मवेशी तस्करी का ट्रक पकड़ा