March 5, 2026

पंजाब में सात नए मेडिकल कॉलेज बनेंगे, स्वास्थ्य ढांचे को मिलेगी बड़ी मजबूती

पंजाब में सात नए मेडिकल कॉलेज...

चंडीगढ़, 5 मार्च : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज राज्य में सात नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की घोषणा की।

डॉ. बलबीर सिंह ने पंजाब भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस परियोजना के तहत दो सरकारी मेडिकल कॉलेज, दो कॉलेज पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर और तीन कॉलेज निजी तथा अल्पसंख्यक संगठनों द्वारा विकसित किए जाएंगे।

होशियारपुर में 20 मार्च से शुरू होगा निर्माण

उन्होंने बताया कि होशियारपुर में शहीद ऊधम सिंह स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज का निर्माण कार्य 20 मार्च 2026 से शुरू होगा। यह संस्थान 24 महीनों में तैयार होकर मार्च 2028 तक पूरा हो जाएगा। इस परियोजना को 274.75 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है। इस संस्थान में 300 बेड का आधुनिक अस्पताल और मेडिकल कॉलेज होगा, जिसमें हर साल एमबीबीएस की 100 सीटें उपलब्ध होंगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पहले इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 550 करोड़ रुपये थी, लेकिन विस्तृत समीक्षा के बाद इसे घटाकर 274 करोड़ रुपये कर दिया गया। इससे करीब 250 करोड़ रुपये के सार्वजनिक धन की बचत हुई है।

कपूरथला, संगरूर और एसबीएस नगर में भी कॉलेज

उन्होंने बताया कि होशियारपुर के अलावा कपूरथला में भी एक सरकारी मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण शुरू होगा।
इसके अलावा संगरूर और एसबीएस नगर में पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे, जिनकी टेंडर प्रक्रिया जारी है।

लहरागागा में जैन समाज द्वारा मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा, जिसके लिए सरकार ने जमीन लीज पर लेकर समझौता कर लिया है।
मलेरकोटला में मुस्लिम समाज द्वारा प्रस्तावित कॉलेज की डीपीआर केंद्र सरकार को भेज दी गई है, जबकि लुधियाना के पास भी एक निजी मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जा रहा है।

होशियारपुर में बनने वाले इस संस्थान में पांच मंजिला अस्पताल और तीन मंजिला मेडिकल कॉलेज भवन होगा। इसमें आधुनिक लैब, लाइब्रेरी और 500 सीटों वाला ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। इसके साथ ही आईसीयू, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, मनोरोग विभाग के अलावा एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।