March 7, 2026

पंजाब के विकास और जनकल्याण पर केंद्रित होगा आगामी बजट: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

पंजाब के विकास और जनकल्याण पर...

संगरूर, 6 मार्च 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार का आगामी बजट आर्थिक विकास को गति देने और जनता के कल्याण को प्राथमिकता देने पर केंद्रित होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है, तब तक लोगों को मुफ्त बिजली की सुविधा जारी रहेगी।

“लोक मिलनी” कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली दी जा रही है। इसके अलावा प्रदेश में 881 आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए गए हैं और पिछले चार वर्षों में बिना रिश्वत या सिफारिश के 63,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के पैसे का जिम्मेदारी से उपयोग कर रही है।

पारंपरिक पार्टियों पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पर पंजाब को कर्ज के बोझ तले दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन पारंपरिक पार्टियों ने रेत, शराब और नशा माफिया को बढ़ावा दिया, जबकि मौजूदा सरकार पंजाब को फिर से विकास की पटरी पर लाने के लिए काम कर रही है।

भगवंत मान ने कहा कि अकाली दल ने पंजाब में ‘चिट्टा’ लाया और कांग्रेस ने इसे फैलाया, जबकि उनकी सरकार पंजाबियों के सहयोग से नशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने इसे “नशों के विरुद्ध युद्ध” बताया।

सुखबीर बादल पर टिप्पणी

शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पंजाब की जमीनी हकीकत का ज्ञान नहीं है। उन्होंने कहा कि जहां युवाओं को रोजगार की जरूरत है, वहीं अकाली नेता गांवों में ताश टूर्नामेंट की बात कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पैसों के बल पर तय होती है और जनता का मजाक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि अब पंजाब के लोग परिवारवादी राजनीति को नकार चुके हैं और एक आम आदमी का बेटा ईमानदारी से राज्य की सेवा कर रहा है।

केंद्र सरकार पर भी उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की भी आलोचना करते हुए कहा कि पंजाब के फंड रोकने और ध्रुवीकरण की राजनीति के जरिए लोगों को आपस में बांटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार लोगों के सहयोग से राज्य के विकास के लिए लगातार काम करती रहेगी।