March 8, 2026

गायक बादशाह के खिलाफ केस दर्ज, लुकआउट सर्कुलर की प्रक्रिया शुरू

गायक बादशाह के खिलाफ केस दर्ज...

पंचकूला, 8 मार्च : हरियाणा पुलिस ने गायक आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह के हाल ही में रिलीज हुए गीत/वीडियो ‘टटीरी’ के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इसके अलावा पंचकूला पुलिस ने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संबंधित वीडियो हटाने के लिए नोटिस जारी किए हैं।

पुलिस के सामने पेश होने का नोटिस

पुलिस ने बादशाह को तुरंत पुलिस के सामने पेश होने का नोटिस दिया है। वहीं हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी गाने का संज्ञान लेते हुए गायक को समन जारी किया है। हरियाणा पुलिस के अनुसार, “आरोपी के देश छोड़ने की आशंका को देखते हुए उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।”

वीडियो पर आपत्तिजनक सामग्री का आरोप

इस संबंध में पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, वीडियो में स्कूली वर्दी में नाबालिग लड़कियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से भागते हुए दिखाया गया है। साथ ही ‘बादशाला’ जैसे शब्दों का प्रयोग स्कूल और शैक्षणिक माहौल को गलत तरीके से प्रस्तुत करता है। इसके अलावा गाने में महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक और अश्लील शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप है।

सरकारी स्कूल परिसर में शूटिंग की जांच

वीडियो में एक सरकारी स्कूल परिसर भी दिखाया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि वहां शूटिंग के लिए संबंधित अधिकारियों से अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि बिना अनुमति सरकारी इमारत का इस्तेमाल किया गया पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बादशाह ने मांगी माफी

गायक और रैपर बादशाह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो जारी कर गीत ‘टटीरी’ को लेकर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनका इरादा हरियाणा की किसी भी महिला या बच्चे के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का नहीं था।

बादशाह ने कहा, “मैं हिप-हॉप शैली से जुड़ा हूं, जहां बोलों में अक्सर विरोधियों को नीचा दिखाया जाता है। ये शब्द कभी भी किसी महिला या बच्चे के लिए नहीं होते। मैंने हमेशा हरियाणवी भाषा और संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की कोशिश की है। अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं इसके लिए माफी मांगता हूं और उम्मीद करता हूं कि मुझे हरियाणा का बेटा समझकर माफ किया जाएगा।”