April 28, 2026

मोहाली के आर्यन दत्त भारतीय सेना की प्रतिष्ठित 4 हॉर्स रेजीमेंट में कमीशंड अधिकारी बने

मोहाली के आर्यन दत्त भारतीय सेना की...

चंडीगढ़, 8 मार्च : मोहाली के आर्यन दत्त को आज ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए), गया में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान भारतीय सेना की प्रतिष्ठित 4 हॉर्स रेजीमेंट में कमीशंड अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया। इस परेड का निरीक्षण लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ, पीवीएसएम, एवीएसएम, जीओसी-इन-सी, दक्षिणी कमांड ने किया।

पारिवारिक परंपरा को आगे बढ़ाया

आर्यन दत्त महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट के 8वें कोर्स के कैडेट रहे हैं। वह मोहाली की प्रैक्टिसिंग वकील श्रीमती संगीता दत्त और दिवंगत कमांडर अमिताभ दत्त के पुत्र हैं। आर्यन ने सेना में अधिकारी बनकर अपने परिवार की सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाया है। उनके पिता भारतीय नौसेना में कमांडर के पद पर सेवा दे चुके थे और वर्ष 2017 में उनका निधन हो गया था। आर्यन अब अपने परिवार की दूसरी पीढ़ी के सैन्य अधिकारी बन गए हैं।

संस्थान के लिए गौरव का क्षण

आर्यन दत्त इस संस्थान के पहले कैडेट हैं जिन्हें 4 हॉर्स रेजीमेंट में कमीशन मिला है। यह रेजीमेंट अपनी बहादुरी और उत्कृष्ट सेवा रिकॉर्ड के लिए जानी जाती है।
इसका संस्थान से विशेष संबंध भी है क्योंकि यह संस्थान के संस्थापक निदेशक मेजर जनरल बीएस ग्रेवाल, वीएसएम (सेवानिवृत्त) की मूल रेजीमेंट रही है।

पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास और प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने आर्यन दत्त को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आर्यन ने अपने परिवार और पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आर्यन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ देश की सेवा करते हुए पंजाब का नाम आगे भी रोशन करते रहेंगे।

अन्य कैडेट्स को भी मिले जॉइनिंग लेटर

संस्थान के निदेशक मेजर जनरल अजय एच चौहान, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने बताया कि संस्थान के 10वें कोर्स के कैडेट सुखराज सिंह हीरा और कैडेट्स ट्रेनिंग विंग के कैडेट अमृतपाल सिंह को एसएससी (एनटी)-123 कोर्स के लिए जॉइनिंग लेटर प्राप्त हुए हैं। दोनों कैडेट 25 मार्च 2026 को ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी, चेन्नई में अपनी ट्रेनिंग शुरू करेंगे।

नए कोर्स के लिए चयन प्रक्रिया जारी

मेजर जनरल चौहान ने बताया कि संस्थान के 16वें कोर्स के लिए चयन प्रक्रिया जारी है। लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों के इंटरव्यू 16 मार्च 2026 से शुरू होंगे।
यह प्रक्रिया युवाओं को सशस्त्र बलों में शामिल होने का अवसर प्रदान करेगी।

यह भी देखें : चुनावी मोड में सरकार, एक रुपए तक सस्ती की बिजली दरें