March 10, 2026

कनाडा में पंजाबी यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल हत्याकांड पर खालिस्तानी पन्नू बोला…

कनाडा में पंजाबी यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल...

कनाडा, 10 मार्च : कनाडा में 45 वर्षीय पंजाबी यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की चाकू मारकर हत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। खालिस्तान समर्थक नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने इस हत्या में खालिस्तान समर्थकों की संलिप्तता से इनकार किया है।

पन्नू ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

वीडियो में पन्नू ने कहा कि खालिस्तान एक राजनीतिक विचारधारा है और इससे जुड़े लोग हत्या जैसी गतिविधियों में शामिल नहीं होते। उन्होंने दावा किया कि नैन्सी की मौत के बाद खालिस्तान समर्थकों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की गहराई से जांच करने पर अन्य व्यक्तियों या किसी नेटवर्क की संलिप्तता सामने आ सकती है।

इस बीच नैन्सी ग्रेवाल के परिवार ने पहले ही आरोप लगाया था कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। परिवार के अनुसार नैन्सी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और खुले तौर पर खालिस्तान आंदोलन के खिलाफ अपने विचार व्यक्त करती थीं, जिसके कारण उन्हें कई धमकी भरे फोन कॉल आए थे।

हत्या से पहले मिले थे करीब 40 धमकी भरे कॉल

नैन्सी की बहन अलीशा ने एक स्थानीय न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में बताया कि उनकी बहन को हत्या से पहले करीब 40 धमकी भरे फोन आए थे। परिवार ने सीसीटीवी फुटेज भी जारी की है, जिसमें कुछ लोगों को नैन्सी के घर के बाहर आग लगाते हुए दिखाने का दावा किया गया है। अलीशा के मुताबिक यह घटना किसी अचानक हुए हमले की बजाय एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा प्रतीत होती है।

3 मार्च को हुआ था हमला

जानकारी के अनुसार 3 मार्च को रात करीब 9:30 बजे कनाडा के लासाले क्षेत्र में नैन्सी ग्रेवाल पर चाकू से हमला किया गया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के कई दिन बाद भी स्थानीय पुलिस अभी तक आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है और मामले की जांच जारी है।

यह भी देखें : पुतिन-ट्रंप वार्ता के बाद क्रूड आयल की कीमतों में आई गिरावट